इलेक्शन

Bengal Chunav: पश्चिम बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग से पहले भांगड़ में बड़ा खुलासा, TMC कार्यकर्ता के घर से 100 देसी बम बरामद

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। दक्षिण 24 परगना के भांगड़ इलाके में एक घर से करीब 100 देसी बम बरामद होने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। निर्वाचन आयोग ने सख्त निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।

Image

भांगड़ में तृणमूल कार्यकर्ता के घर से करीब 100 देसी बम बरामद (प्रतीकात्मक फोटो)

Bhangar Bomb Recovery: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) के तहत पहले चरण में 152 सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। अब निगाह 29 अप्रैल को दूसरे फेज की वोटिंग पर है। लेकिन उससे पहले रविवार को दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में एक कथित तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के घर से करीब 100 देसी बम बरामद किए गए हैं। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर रफीकुल इस्लाम के आवास की तलाशी ली गई, जहां से ये विस्फोटक बरामद हुए। गौरतलब है कि, भांगड़ में दूसरे चरण में मतदान होना है।

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने क्या बताया?

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने को बताया, "कोलकाता के पुलिस आयुक्त, सभी उपायुक्त, अधीक्षकों और थाना प्रभारियों (ओपी और आईसी) को कड़ा संदेश दिया गया है कि यदि उनके न्यायाधिकार क्षेत्र में इस तरह के विस्फोटक पाए जाते हैं या किसी व्यक्ति द्वारा डराने-धमकाने की रणनीति अपनाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में निगरानी और क्षेत्र गश्त तेज की जाएगी ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

पहले फेज में 93.19 प्रतिशत मतदान

वहीं इससे पहले निर्वाचन आयोग ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत है। आयोग ने कहा कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 16 जिलों के 152 विधानसभा क्षेत्रों में हुआ, जिसमें कुल 3.61 करोड़ मतदाताओं में से 3.36 करोड़ ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसने कहा कि मतदान करने वालों में 1.65 करोड़ महिलाएं और 1.71 करोड़ पुरुष थे।

सबसे अधिक मतदान कूच बिहार जिले में 96.2 प्रतिशत दर्ज किया गया, उसके बाद दक्षिण दिनाजपुर में 95.44 प्रतिशत और मालदा में 94.79 प्रतिशत मतदान हुआ। जलपाईगुड़ी में 94.76 प्रतिशत, बीरभूम में 94.51 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 94.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुर्शिदाबाद में 93.67 प्रतिशत, अलीपुरद्वार में 93.2 प्रतिशत, पूर्वी मेदिनीपुर में 92.75 प्रतिशत, बांकुड़ा में 92.55 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 92.26 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 92.19 प्रतिशत और पुरुलिया में 91.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बर्धमान में 90.32 प्रतिशत मतदान हुआ।

दार्जिलिंग में 88.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कलिम्पोंग में सबसे कम 83.04 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले सबसे अधिक मतदान 84.72 प्रतिशत था, जो 2011 के विधानसभा चुनावों में दर्ज किया गया था, जिसमें तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की थी। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को सात जिलों की 142 सीट के लिए मतदान होगा, साथ ही रिजल्ट 4 मई को घोषित किया जाएगा।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article