Nitish Kumar: राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन एवं जनता दल-यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता हरिवंश ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा की। हरिवंश ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार का कोई विकल्प नहीं है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ खास बातचीत में हरिवंश ने नीतीश कुमार के विजन, उनकी ईमानदारी एवं राजनीतिक पारदर्शिता की सराहना की। उप-सभापति ने कहा कि राजनीति में जितने भी लोग हैं उनकी यदि आप नीतीश कुमार के विजन के साथ तुलना करें तो कोई भी उनकी बराबरी नहीं कर पाएगा।
'अपने ऊपर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगने दिया'
उप सभापति ने कहा, '20 साल से सत्ता में रहते हुए अपने ऊपर किसी तरह का दाग नहीं लगने देना यह बहुत बड़ी बात है। राजनीति में उन्होंने अपने परिवार को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने सही मायनों में जय प्रकाश नारायण और लोहिया को अपने जीवन में उतारा है।' उप-सभापति ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में गरीबी कम हुई और राज्य में बुनियादी संरचना एवं अन्य क्षेत्रों में विकास हुआ। उन्होंने कहा, 'बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल था लेकिन सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में गरीबी तेजी से कमी आई है।'
नीतीश ने परिवार की संपत्ति नहीं बढ़ाई-हरिवंश
हरिवंश ने आगे कहा, 'जेपी और लोहिया का नाम लेकर उन्होंने अपने परिवार की संपत्ति नहीं बढ़ाई। कुशासन को बढ़ावा नहीं दिया। क्या यह पूरे देश के लिए हैरान करने वाली बात नहीं है?' 2005 से पहले के बिहार में बात करते हुए उप सभापति ने कहा कि यह राज्य विकास के हर मोर्चे पर पिछड़ा हुआ था। अपराध का बोलबाला था। बाहर के लोग बिहार को 'लोकतांत्रिक बोझ' कहते थे।
'पीके को अभी बहुत काम करना होगा'
नीतीश ने ऐसी हालत से बिहार को बाहर निकाला। प्रशांत किशोर के बारे में उन्होंने कहा कि अभी जनसुराज के मुखिया को बहुत काम करना होगा। हालांकि उन्होंने कहा, 'जिन मुद्दों को मुख्यधारा की पार्टियों ने नहीं उठाया, उन मुद्दों को जन सुराज पार्टी ने उठाया है...लेकिन मुद्दे की बात यह है कि पीके और उनकी टीम जिन बातों को उठा रही है, उसका समाधान होने में लंबा वक्त लगेगा।'
