इलेक्शन

दुलार चंद यादव हत्याकांड: सिर्फ अनंत सिंह ही नहीं कुल 80 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार, पांच FIR दर्ज

मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में बिहार पुलिस ने जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह समेत 80 लोगों को गिरफ्तार किया है। अनंत सिंह को उनके दो सहयोगियों के साथ मध्यरात्रि में गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

Image

दुलार चंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह समेत 80 गिरफ्तार ( फाइल फोटो- X)

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह सहित अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी रविवार को पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने दी।

देर रात हुई गिरफ्तारी, भेजे गए जेल

पुलिस के मुताबिक, अनंत सिंह को उनके दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को गिरफ्तार किया गया। तीनों को रविवार को पटना की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसएसपी ने बताया कि अब तक पांच प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं और जांच लगातार जारी है। उन्होंने संकेत दिया कि आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी हत्या

यह घटना बीते गुरुवार की है, जब जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान झड़प हुई थी, जिसमें समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, यादव की मृत्यु कठोर एवं कुंद वस्तु से हृदय और फेफड़ों पर लगी चोट के कारण हुई, जिससे ‘कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर’ हुआ। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, “प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह मामला हत्या का प्रतीत होता है।”

चुनाव क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा

घटना के बाद से पुलिस ने मोकामा और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। वहां सीएपीएफ की 13 कंपनियां, एसटीएफ की दो इकाइयां और पटना पुलिस की चार त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) तैनात की गई हैं। बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी, “जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह गिरफ्तारी तो पहले ही हो जानी चाहिए थी। बिहार में ‘जंगल राज’ जैसी स्थिति बन चुकी है, जहां हत्याएं आम बात हो गई हैं। हाल में आरा में भी बाप-बेटे की हत्या हुई थी।” इस बीच, जन सुराज पार्टी ने भी अपने समर्थक की मौत पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article