इलेक्शन

MCD Election Result: दिल्ली नगर निगम में किसका राज? BJP या AAP, 8 बजे से काउंटिंग

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 7, 2022, 06:27 AM IST

MCD election result : दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के नतीजे आज आ जाएंगे। वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू हो रही है। इसके लिए पूरी दिल्ली में 42 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। एक्जिट पोल के मुताबिक आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलता नजर आ रहा है जबकि बीजेपी को उम्मीद है कि उसकी सत्ता बरकरार रहेगी।

Image

आज आएंगे एमसीडी चुनाव के नतीजे

Photo : BCCL

MCD election result: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के वोटों की गिनती आज हो रही है। मतगणना के लिए 42 सेंटर बनाए गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच वोट काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू होगी। मतगणना के हर अपडेट आप टाइम्स नाउ नवभारत डॉट कॉम पर प्राप्त कर सकते हैं। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 250 वार्ड हैं और इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा गया। चार दिसंबर को हुए चुनाव में 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ। एक्जिट पोल के मुताबिक आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता नजर आ रहा है। लेकिन आप और बीजेपी दोनों ने भरोसा जताया है कि वे चुनावों में विजयी होंगे, जबकि कांग्रेस खोई हुई जमीन हासिल करने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली में यहां होगी वोटों की गिनती

मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्वारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन सहित क्षेत्रों में स्थित हैं। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा की गई है और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 20 कंपनियां और 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को केंद्रों पर तैनात किया गया है।

एग्जिट पोल के अनुमान से केजरीवाल खुश

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी चुनाव के एग्जिट पोल में पार्टी की भारी बहुमत के साथ जीत के अनुमान के बाद मंगलवार को दिल्ली की जनता का आभार जताया। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में पार्टी के लिए एग्जिट पोल के अनुमान 'सकारात्मक संकेत' हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को धन्यवाद देने से पहले एमसीडी के चुनाव परिणामों की घोषणा का इंतजार करेगी। तीन एग्जिट पोल में सोमवार को दिल्ली नगर निगम चुनाव में आप की स्पष्ट जीत का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया, जबकि बीजेपी के दूसरे स्थान पर रहने का अनुमान जताया गया।

बीजेपी को उम्मीद गलत साबित होंगे एक्जिट पोल

बीजेपी ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि वह सत्ता में बरकरार रहेगी, हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) ने एग्जिट पोल के अनुमानों के मुताबिक भारी बहुमत के साथ जीत का दावा किया है। नतीजों से पहले बीजेपी की दिल्ली इकाई के कार्यालय में मायूसी का माहौल है, जहां पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि वोटों की गिनती के दौरान एग्जिट पोल गलत साबित होंगे। दिल्ली बीजेपी के महासचिव दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हमें उम्मीद है कि नतीजे एग्जिट पोल को गलत साबित करेंगे और बीजेपी एमसीडी पर शासन करने के लिए वापस लौटेगी। हालांकि, जो भी परिणाम होगा, हम उसे स्वीकार करेंगे।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article