Maharashtra Elections Results 2024: महाराष्ट्र में कल 23 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणामों को लेकर बीजेपी ने तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव परिणामों के तुरंत बाद जीते हुए महायुति के विधायकों को जल्दी मुंबई लाने के लिए हेलीकॉप्टर और चार्टेड प्लेन बुक किए जा रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान महायुति ने कुल पांच हेलीकॉप्टर और चार चार्टेड प्लेन की मदद ली है। दूर-दरा के विधायकों को मुंबई लाने में इस्तेमाल किया जाएगा।
ताज प्रेसीडेंसी होटल में रखा जाएगा
जरूरत पड़ने पर और भी विमान-हेलीकॉप्टर बुक किए जाएंगे। चुनाव आयोग को पहले ही इसकी जानकारी दी गई है। महायुति के सभी जीते हुए विधायकों को कोलाबा के ताज प्रेसीडेंसी होटल में रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि कुछ इसी तरह के इंतजाम कांग्रेस ने भी किए हैं।
बता दें कि 23 नवंबर को झारखंड और महाराष्ट्र विधानसबा चुनाव नतीजे आ रहे हैं। सत्तारूढ़ महायुति (Mahayuti) और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) दोनों की खेमों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार शाम को मतदान होने के बाद सत्तारूढ़ और साथ ही विपक्षी मोर्चों ने दावा करना शुरू कर दिया है कि 23 नवंबर को वोटों की गिनती के बाद जनादेश उनके पक्ष में ही होगा।
इस बार हुई बंपर वोटिंग
महाराष्ट्र में इस बार बंपर वोटिंग हुई है। मतदान में लोगों की भागीदारी ने नतीजों को लेकर सस्पेंस भी बढ़ा दिया है। राज्य में महायुति-एमवीए गठबंधन की लड़ाई इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि करीब 30 साल बाद महाराष्ट्र में बंपर वोटिंग हुई है। 20 नवंबर को भारी संख्या में मतदाता वोट डालने निकले और मतदान 65.1 प्रतिशत को पार कर गया। 1995 के बाद पहली बार इतना अधिक मतदान हुआ है। तब राज्य में 71.69 प्रतिशत मतदान हुआ था।
