इलेक्शन

Lok Sabha Chunav: समाजवादी पार्टी इन 5 मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव, अखिलेश यादव ने बताया प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2024, 06:51 AM IST

Lok Sabha Elections 2024: सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी का प्लान बताया है। उन्होंने कहा है कि इस बार चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई, महिला उत्पीड़न, अन्याय व भ्रष्टाचार बड़े मुद्दे होंगे। हम संगठन को सेक्टर और बूथ स्तर तक मजबूत कर रहे हैं।

Image

अखिलेश यादव ने बताया आगामी चुनाव में क्या होंगे मुद्दे।

Photo : Times Now Digital

Elections News: विपक्षी पार्टियां एक बार फिर भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का दावा कर रही हैं। इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूजिव अलायंस (INDIA) खेमे में अबतक सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। हालांकि विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के बीच 4 राउंड की बैठक हो चुकी है। ये बात और है कि बैठकों में सीट शेयरिंग जैसे अहम मुद्दे पर एक बार भी चर्चा नहीं हुई। खैर गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस बार के 5 चुनावी मुद्दों के बारे में बताया है।

किन 5 मुद्दों पर होगा आगामी लोकसभा चुनाव?

सपा के मुखिया अखिलेश यादव का कहना है कि इस बार का लोकसभा चुनाव संभवतः महंगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, अन्याय और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द रहेगा। इनमें महंगाई और बेरोजगारी पर उन्होंने खास जोर दिया। उन्होंने आगामी चुनाव के लिए पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर दी है। '

भाजपा को कैसे हराएंगे अखिलेश यादव?

अखिलेश यादव ने सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया और कहा कि जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनविरोधी नीतियों के चलते 2024 के लोकसभा चुनावों में उसे हराने को तैयार है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा, 'भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके। इस बार के चुनाव में लोकतंत्र बचाने से लेकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।'

क्या है समाजवादी पार्टी का चुनावी प्लान?

उन्‍होंने कहा, 'चुनाव आ गया है, 100 दिन भी नहीं बचे, इसलिए पूरी तैयारी के साथ हमारे कार्यकर्ता, संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी भूमिका समाजवादी पार्टी निभाने जा रही है। हमें अपने संगठन पर पूरा भरोसा है कि समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम, नीतियों, फैसलों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।' यादव ने कहा, 'समाजवादी पार्टी संगठन को सेक्टर और बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। सभी जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं को बूथस्तर पर चिह्नित करके जिम्मेदारी देंगे।'

भाजपा पर हर तरह का हथकंडा अपनाने का आरोप

अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा, 'कई जिलों में मतदाता सूची पर अच्छा काम हुआ है। बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता अधिकारियों के मिलकर कहां वोट कटा और कहां वोट बढ़ा उसकी जानकारी करेंगे और उस पर नज़र भी रखेंगे। क्योंकि चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंडा अपना सकती है। वह चुनाव आयोग को दबाव में भी ले सकती है।' सपा प्रमुख ने आरोप लगाया, 'भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। पहले खाद की बोरी से पांच किलोग्राम खाद कम किया गया, अब एक बार फिर पांच किलोग्राम खाद कम कर दिया गया जबकि कीमत उतनी ही है। जो खाद की बोरी 50 किलो की थी अब वह 40 किलो की रह गई है।'

उन्‍होंने कहा, 'भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।' उन्‍होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी की कोशिश है कि जो गठबंधन बना है उसे मजबूत करे। गठबंधन में जो दल जहां से लड़ेगा समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से उसकी मदद करेगी।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article