LPG Crisis in Pakistan : पाकिस्तान में आर्थिक बदहाली और महंगाई के बीच आम जनता पर एक और बड़ा संकट आन पड़ा है। देश में रसोई गैस (LPG) की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि महज कुछ ही दिनों के भीतर 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत 4500 पाकिस्तानी रुपये से उछलकर सीधे 7000 रुपये के पार पहुंच गई है। कई इलाकों में तो लोग इससे भी अधिक दाम चुकाने को मजबूर हैं। रसोई गैस के साथ-साथ ईंधन की अन्य चीजों के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है।
ईरान सीमा बंद होने से बिगड़े हालात
पाकिस्तान में आए इस अचानक संकट का सबसे बड़ा कारण पड़ोसी देश ईरान से होने वाली LPG की सप्लाई का रुकना है। दोनों देशों के बीच स्थित दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद पड़ी हैं। सीमा बंद करने को लेकर दोनों देशों के अपने-अपने दावे हैं। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उसने सुरक्षा कारणों और अवैध तस्करी को रोकने के लिए यह कदम उठाया है, जबकि ईरान ने इसे तकनीकी खामी बताया है। पाकिस्तान अपनी जरुरत की आधी यानी करीब 50% LPG अकेले ईरान से आयात करता है। ऐसे में ईरान से सप्लाई पूरी तरह ठप्प होने का सीधा असर पाकिस्तान के घरेलू बाजारों पर पड़ा है और गैस की भीषण किल्लत पैदा हो गई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तनाव का असर
पाकिस्तान में गैस संकट केवल ईरान सीमा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अन्य देशों से होने वाले आयात पर भी बुरा असर पड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का लगभग 70% हिस्सा विदेशी मुल्कों से खरीदता है। ईरान के अलावा, पाकिस्तान को ओमान और इराक से भी बड़ी मात्रा में गैस की आपूर्ति होती है।
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के अनुसार, देश में हर दिन करीब 6,500 से 7,000 टन LPG की खपत होती है। इसमें से पाकिस्तान केवल 2,000 से 2,500 टन गैस ही अपने देश में पैदा कर पाता है, जबकि बाकी 70% जरुरत को पूरा करने के लिए वह आयात पर निर्भर रहता है। हाल ही में होर्मुज की खाड़ी क्षेत्र में बढ़े तनाव और जंग जैसे हालातों के कारण समुद्री जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे इराक और ओमान से आने वाली गैस की सप्लाई भी रुक गई है।
सरकारी दावों के उलट खुलेआम जारी है कालाबाजारी
इस संकट के बीच पाकिस्तान में गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की आधिकारिक कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपये तय की है। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। बाजारों में सिलेंडर सरकारी तय दरों से दोगुने से भी अधिक दामों पर बेचे जा रहे हैं।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर ने स्थिति की गंभीरता बताते हुए कहा कि बलूचिस्तान जैसे इलाकों में 12 किलो का सिलेंडर 7,000 रुपये में मिल रहा है। लाहौर में इसके दाम 7,500 रुपये तक पहुंच गए हैं, जबकि दूर-दराज के पहाड़ी इलाके स्कर्दू में तो एक सिलेंडर के लिए लोगों को 8,200 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। देश में सप्लाई लाइन बहाल न होने तक इस संकट से जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
