शहर

Nagpur: किराए के मकान को बनाया नकली नोट छापने का ठिकाना, 37 लाख की करेंसी बरामद

नागपुर के खरबी इलाके में किराए के कमरे से पुलिस ने 37 लाख रुपये के छपे हुए नकली नोट और करीब 48 लाख रुपये के अधछपे नोट बरामद किए। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Image

नागपुर में किराए के कमरे से 37 लाख रुपये के नकली नोट बरामद

Photo : Times Now Digital

Nagpur Fake Currency Case: महाराष्ट्र के नागपुर में किराए के कमरे में 500 रुपये के नकली नोट छापने का मामला सामने आया है। खरबी इलाके में मकान मालिक ने लंबे समय से बंद पड़े कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर नोटों के बंडल और प्रिंटर देखकर हैरान रह गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वाठोड़ा पुलिस ने जांच के दौरान 37 लाख रुपये के छपे हुए नकली नोट बरामद किए। इसके अलावा करीब 48 लाख रुपये के ऐसे नोट भी मिले, जिनकी छपाई अधूरी थी। पुलिस ने नकली नोट और छपाई में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी पुष्पक कृष्णा भंडारकर उर्फ बेंडाने की तलाश की जा रही है।

डेढ़ साल पहले किराए पर लिया था कमरा

जानकारी के मुताबिक, पुष्पक ने खरबी इलाके में करीब डेढ़ साल पहले कमरा किराए पर लिया था। जनवरी में उसका रेंट एग्रीमेंट खत्म हो गया था। बताया गया है कि वह पिछले कुछ महीनों से किराया भी नहीं दे रहा था। मकान मालिक रमेश ने जब उससे कमरा खाली करने को कहा तो उसने कथित तौर पर चाकू दिखाकर धमकी दी थी। इस संबंध में रमेश ने वाठोड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अदखलपात्र मामला दर्ज किया गया था।

ताला तोड़ने पर मिले नोटों के बंडल

काफी समय से पुष्पक कमरे पर नहीं आया था। शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़ी से कमरे का ताला तोड़ दिया। अंदर जाने पर उसे बाल्टी में नोटों के बंडल, कागज और एक प्रिंटर दिखाई दिया। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो 500 रुपये के नकली नोटों के बंडल बरामद हुए। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई। पुलिस के मुताबिक, कमरे से 37 लाख रुपये के छपे हुए नकली नोट मिले। इसके अलावा करीब 48 लाख रुपये के नोट ऐसे थे, जिनके एक तरफ छपाई हुई थी, जबकि दूसरी तरफ का हिस्सा खाली था।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

वाठोड़ा पुलिस ने नकली नोट और छपाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर ली है। आरोपी पुष्पक कृष्णा भंडारकर उर्फ बेंडाने नागपुर के त्रिमूर्तिनगर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उससे संपर्क करने पर उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही पुलिस टीम रवाना की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article