Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है। समाजवादी पार्टी के साथ ही बीजेपी ने कई सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अब सभी की नजरें कांग्रेस पर टिकी हुई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली और अमेठी सीट से इस बार कौन प्रत्याशी होता है। कई अटकलों के बीच सामने आया है कि अमेठी से राहुल गांधी एक बार फिर से मैदान में उतर सकते हैं। वहीं रायबरेली से प्रियंका गांधी अपना पॉलिटिकल डेब्यू करेंगी। दोनों के नाम तय हो चुके हैं, और आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।
एनडीटीवी के सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी रायबरेली सीट से चुनावी डेब्यू करने जा रही हैं। वहीं, राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में में हार के बाद अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा वह केरल की वायनाड सीट से भी पर्चा भर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है। बता दें, इंडिया गठबंधन में यूपी में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
सोनिया गांधी ने दिए थे संकेत
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद रायबरेली सीट खाली हो गई है। यह सीट कई दशकों से गांधी परिवार का गढ़ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तीन बार इस सीट से सांसद चुनी गई थीं, वहीं 2004 से सोनिया गांधी यहां से चुनाव जीत रही हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी उत्तर प्रदेश से चुनी जानी वाली एक मात्र कांग्रेस की सांसद थीं। हालांकि, इस बार उन्होंने लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता के नाम एक भावुक पत्र भी लिखा था, जिसमें यह संकेत दिया गया था कि गांधी परिवार इस सीट को नहीं छोड़ने वाला है।
अमेठी में राहुल Vs स्मृति ईरानी
वहीं, उत्तर प्रदेश में गांधी परिवार के दूसरे गढ़ अमेठी की बात करें तो यहां मुकाबला काफी दिलचस्प होने जा रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने दावा किया है कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। अगर ऐसा होतो है तो यहां मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। दरअसल, भाजपा ने अमेठी से स्मृति ईरानी को फिर से टिकट दिया है। 2019 के चुनाव में स्मृति ईरानी ने ही राहुल गांधी को करीब 50 हजार वोटों से चुनाव हराया था।
