इलेक्शन

महाराष्ट्र में अटकी सीट शेयरिंग पर बात, सहयोगियों के साथ BJP का इन 3 सीटों पर फंसा पेच!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2024, 09:19 AM IST

सीटों का पेच ऐसा उलझा है कि माढ़ा और सतारा में नेता और पार्टी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। तीन सीटों पर बात बिगड़ गई है।

Image

महाराष्ट्र में सीटों पर फंसा पेच

Photo : PTI

Maharashtra Seat Sharing: लोकसभा चुनाव तारीखों का ऐलान होने के बावजूद महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने अभी तक सीट-बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया है। सूत्रों के अनुसार, तीन सीटें - बारामती, माधा और सतारा पर पेच फंस गया है। अभी भी इस बात पर अनिश्चितता है कि गठबंधन की कौन सी पार्टियां उन सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगी। महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं। राज्य में पांच चरणों में मतदान होना है।

माढ़ा और सतारा में विरोध-प्रदर्शन

सीटों का पेच ऐसा उलझा है कि माढ़ा और सतारा में नेता और पार्टी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी सांसद उदयनराजे भोसले के समर्थक इस बात से नाराज हैं कि महाराष्ट्र में बीजेपी के उम्मीदवारों की पहली सूची में सतारा सीट से उनके नाम की घोषणा नहीं की गई। इस बीच, भाजपा के दिग्गज नेता विजयसिंह मोहिते-पाटिल और एनसीपी अजित खेमे के रामराजे निंबालकर भी भाजपा के रंजीतसिंह नाइक निंबालकर को उम्मीदवार घोषित किए जाने से नाराज हैं।

गिरीश महाजन को भेजा

भाजपा ने रविवार को माढ़ा और सतारा निर्वाचन क्षेत्रों में विद्रोही नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए मंत्री गिरीश महाजन को भेजा था, लेकिन उनके काफिले को रोक दिया गया। उन्होंने सतारा में स्थिति की समीक्षा के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। महाजन ने स्पष्ट किया है कि महायुति के सहयोगी दलों शिवसेना और एनसीपी के बीच कुछ गलतफहमियां हैं। महाजन ने कहा, हर कोई चाहता है कि उनके नेता को उनके निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा जाए। इसलिए, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुझे नेताओं के साथ चर्चा करने और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लिए उम्मीदवारों की अगली सूची जल्द ही जारी की जाएगी।

बारामती पर सहमति बनाने की कोशिश

वहीं, सूत्रों ने कहा कि बारामती पर शिवसेना और एनसीपी में सहमति बन सकती है। पूर्व मंत्री और शिंदे सेना के नेता विजय शिवतारे, बारामती से संभावित उम्मीदवार अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के खिलाफ लड़ने की कसम खा रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें मनाने के लिए सोमवार को शिवतारे को बुलाया। बहरहाल, शिंदे से चर्चा के बाद शिवतारे ने मीडिया से कहा कि वह अपनी विधानसभा सीट पुरंदर के अपने समर्थकों से बात करने के बाद अंतिम फैसला लेंगे।

नाना पटोले ने किया कटाक्ष

इस बीच, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति पर कटाक्ष किया। पटोले ने कहा कि वे समझेंगे कि अब सहयोगियों के साथ आम सहमति तक पहुंचना कितना मुश्किल है। हालांकि, एकनाथ शिंदे ने सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर किसी भी मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि लोग पीएम मोदी के विकास कार्यों के लिए सरकार को वोट देंगे और महाराष्ट्र में 45 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article