इलेक्शन

Keralam Polls 2026: मैदान में 883 उम्मीदवार, LDF-UDF के बीच कड़ी टक्कर, 76,000 पुलिस कर्मी तैनात

Keralam Polls 2026: केलकर के मुताबिक, केरल के कासरगोड, कन्नूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और एर्नाकुलम जिलों में नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन मतदान केंद्रों में से 352 का संचालन महिलाएं और 37 का संचालन दिव्यांग व्यक्ति करेंगे।

Image

केरल विधानसभा चुनाव 2026

Photo : PTI

Keralam Assembly Election 2026: केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने मंगलवार को कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए नौ अप्रैल को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें 883 उम्मीदवार राज्य के 2.71 करोड़ मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे। केलकर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य में 30,495 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें 24 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं, जिनकी आवश्यकता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनीक्षण (एसआईआर) के बाद पड़ी।

नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे

केलकर के मुताबिक, केरल के कासरगोड, कन्नूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और एर्नाकुलम जिलों में नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन मतदान केंद्रों में से 352 का संचालन महिलाएं और 37 का संचालन दिव्यांग व्यक्ति करेंगे। केलकर के अनुसार, 140 वितरण और संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा मतपत्रों की गिनती 140 'स्ट्रांग रूम’ में की जाएगी। उन्होंने कहा, 'चुनाव प्रक्रिया के प्रबंधन के तहत, हमने 1.46 लाख प्रशिक्षित चुनाव अधिकारियों को तैनात किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 76,000 पुलिस कर्मियों और केंद्रीय बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है।'

विदेशी शिष्टमंडल देखेगा मतदान की प्रक्रिया

केरल विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले, पूरी निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिए एक विदेशी प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्य पहुंचेगा। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग (ईसी) ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल सुबह राज्य की राजधानी पहुंचेगा और चुनावी प्रक्रियाओं का अवलोकन करने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग के ’अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम’ (आईईवीपी) 2026 के तहत आ रहा है जिसका उद्घाटन एक दिन पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया था।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि पहले चरण में प्रतिनिधिमंडल आठ और नौ अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेगा और दूसरे चरण में वे 20 अप्रैल से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जाएंगे।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article