Karnataka Assembly Election 2023 : कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने मंगलवार को एक रसोई गैस सिलेंडर की पूजा की। इस पर बेंगलुरु के बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम वे कुछ पूजा तो कर रहे हैं। उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर के लिए प्रार्थना करने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। सूर्या ने कहा कि अचानक कांग्रेस पार्टी ने हर चीज के लिए प्रार्थना करना शुरू कर दिया है। चाहे वह पिछले हफ्ते बजरंग बली मंदिरों में जा रहे हों या गैस सिलेंडर में भगवान के दर्शन कर रहे हों। हिंदू दर्शन हर चीज में भगवान को देखता है। हम वास्तव में डीके शिवकुमार और कांग्रेस पार्टी का एलपीजी सिलेंडरों में प्रार्थना करने का स्वागत करते हैं।उन्होंने कहा कि हम खुश हैं कि कांग्रेस कम से कम किसी तरह की पूजा तो कर रही है।
शिवकुमार ने की रसोई गैस सिलेंडर की पूजा, पीएम मोदी पुराना वीडियो किया ट्वीट
मतदान से एक दिन पहले कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने मंगलवार को एक रसोई गैस सिलेंडर की पूजा की। उसके सामने आरती की और मतदाताओं से वोट डालने जाने से पहले ऐसा करने का आग्रह किया। कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी के पुराने भाषण वाले वीडियो के साथ ट्वीट किया कि कन्नडवासियों! इससे पहले कि आप अपना वोट डालने जाएं, इस अनुष्ठान को करना न भूलें। वीडियो देखें। इस वीडियो नरेंद्र मोदी ने कहा कि मतदान करने जाएं तो पहले गैस सिलेंडर से प्रार्थना करें।
गैस सिलेंडर की करें पूजा
शिवकुमार ने कहा कि देखिए मोदीजी ने आखिरी बार यह कहा था। अब मैं वही अपील कर रहा हूं। भाइयों और बहनों, कीमत 445 रुपए से 1200 रुपए हो गई है। कृपया हमारे प्रधान मंत्री के अनुरोध के अनुसार अपना वोट दें। गैस सिलेंडर पर एक माला पहनाएं।
पीएम मोदी का मजाक उड़ाने की कोशिश
कांग्रेस ने बुधवार को 'सिलेंडर चुनाव' कहे जाने वाले पीएम मोदी का मजाक उड़ाने का प्रयास किया क्योंकि कांग्रेस समर्थकों ने बुधवार को मतदान के साथ कई स्थानों पर सिलेंडर की पूजा शुरू कर दी। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा कि सत्ता में आने पर बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया था। जिस पर विवाद शुरू हो गया था क्योंकि बीजेपी ने कांग्रेस पर भगवान हनुमान का अपमान करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए बीजेपी पर बजरंग दल की तुलना बजरंग बली से करने का आरोप लगाया।
