इलेक्शन

बिहार सरकार अच्छी, लेकिन अधिकारी बेलगाम- बोले जदयू विधायक गोपाल मंडल, पप्पू यादव से की मुलाकात

गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठे हैं। वे नाथनगर विधानसभा के सबोर प्रखंड स्थित बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर पप्पु यादव और गोपाल मंडल की मुलाकात हुई है।

Image

पप्पू यादव और गोपाल मंडल (फोटो- rajeshranjanpappuyadav)

बिहार की राजनीति में रविवार को एक दिलचस्प और महत्वपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से जेडीयू विधायक गोपाल मंडल मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक साथ नाश्ता किया और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस मुलाकात को जहां दोनों ने "व्यक्तिगत संबंध" बताया, लेकिन इस मुलाकात के बाद गोपाल मंडल ने जो कहा वो चुनावी मौसम में जदयू और नीतीश के लिए ठीक नहीं है। गोपाल मंडल ने बिहार के अधिकारियों की जमकर आलोचना की है।

गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल का अनशन

दरअसल, विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजा की मांग को लेकर पिछले पांच दिन से अनशन पर बैठे हैं। आशीष मंडल भागलपुर के नाथनगर विधानसभा के सबोर प्रखंड के मसाढ़ू में बाढ़ के कारण पिछले साल कटाव की वजह से प्रभावित हुए बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

चुनावी मौसम में पप्पू यादव से मुलाकात पर अटकलें

इधर, विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि सांसद पप्पू यादव बड़े भाई के समान हैं। उन्होंने भोजन के लिए निमंत्रण दिया था। मेरा बेटा आशीष पांच दिनों से अनशन पर बैठा है। मसाढ़ू में बाढ़ से अधिकांश घर कटाव में विलीन हो गए। इस गांव में अब मात्र दस घर बचे हुए हैं। जिलाधिकारी ने मुआवजा देने का आदेश दिया लेकिन अब तक पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिला।

गोपाल मंडल ने अधिकारियों को घेरा

IANS के अनुसार गोपाल मंडल ने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिलेंगे और विधानसभा में प्रश्न भी उठाएंगे। सांसद पप्पू यादव ने आशीष से अनशन तोड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव के साथ पारिवारिक संबंध है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है। सब दुरुस्त है, लेकिन अधिकारी बेलगाम हो गए हैं।

पप्पू यादव ने क्या कहा

मुलाकात को लेकर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि भागलपुर में बाढ़ की स्थिति भयावह होती है और कटाव से लोग परेशान होते हैं। पप्पू यादव ने कहा कि गांव का 90 प्रतिशत कटाव हो गया है। उन्होंने कहा कि हम लोग विकास के नाम पर एक हैं। मैंने आशीष से अनशन तोड़ने की बात कही है और कहा है कि लोकसभा में इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमांचल और मिथिलांचल के विकास के मुद्दे को मिलाकर एक मंच से उठाएंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article