इलेक्शन

West Bengal Assembly Election: जगतदल विधानसभा क्षेत्र में देर रात हुई हिंसा मामले के 4 आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के जगतदल में रविवार देर रात भड़की चुनावी हिंसा मामले में 4 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भीड़ ने देर रात थाने पर हमला कर CISF जवान को घायल कर दिया था।

Image

जगतदल हिंसा मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच जगतदल विधानसभा क्षेत्र में रविवार 26 अप्रैल की रात चुनावी हिंसा देखने को मिली। हालांकि, इस हिंसा के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

रविवार देर रात करीब 11 बजे एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, जो वर्तमान चुनावों में उम्मीदवार भी हैं, जगतदल थाने में FIR दर्ज कराने पहुंचे थे। उनके थाने पहुंचने की सूचना विरोधी पक्ष के समर्थकों तक पहुंच गई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए।

जानकारी के अनुसार, अचानक करीब 200 लोगों की भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई। देखते ही देखते भीड़ हिंसक (jagatdal violence) हो उठी। भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए थाना परिसर में जबरन प्रवेश किया और वहां अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

इसी दौरान एक अन्य उम्मीदवार भी मौके पर पहुंच गए, जिससे भीड़ और ज्यादा आक्रामक हो गई। हालांकि, दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों की मदद से किसी तरह वहां से सुरक्षित निकलने में सफल रहे। लेकिन इसके बाद हिंसा और भी भड़क गई।

उपद्रवी भीड़ ने CAPF जवानों पर हमला बोला

उपद्रवी भीड़ यहां भी नहीं रुकी, भीड़ ने एक अन्य उम्मीदवार के घर को निशाना बनाया और वहां विस्फोटक, हथियारों व पथराव के जरिए हमला किया। इस दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों पर भी हमला किया गया, जिसमें एक CISF कांस्टेबल घायल हो गया। यह घटना चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में सुरक्षा एजेंसियों के लिए सीधी चुनौती के रूप में देखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही CAPF की टीम, डीएफसी आलोक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया।

इन चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

इस कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कौशिक दास (27), सिकंदर प्रसाद (39), गोपाल राउत और श्यामदेव शॉ (55) शामिल हैं। जबकि, अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फिरोज, मुंजल राजक सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था बहाल की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article