Hubli Dharwad central Karnataka Election Results 2023: कर्नाटक की हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट इस बार राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के केंद्र में है। बड़े-बड़े राजनीतिक पंडितों से लेकर भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों तक की निगाहें इस सीट पर टिकी हुई हैं। यहां से कांग्रेस के टिकट पर पूर्व भाजपा नेता जगदीश शेट्टार चुनाव लड़ रहे हैं। वह छह बार से इस सीट पर विधायक रहे हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
करीब पांच दशक से विधायक और पूर्व सीएम शेट्टार को हराना भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। पार्टी ने यहां से महेश तेंगिनाकाई को मैदान में उतारा है। ऐसे में भाजपा अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए जोर-शोर से मेहनत कर रही है। लिंगायत समुदाय के सबसे बड़े नेता बीएस येदियुरप्पा और खुद अमित शाह ऐलान कर चुके हैं कि जगदीश शेट्टार इस बार का चुनाव हारने वाले हैं। हालांकि, कर्नाटक की 25 सीटों पर पकड़ रखने वाले शेट्टार यहां भाजपा उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं। हालांकि, जेडीएस ने भी यहां अपना प्रत्याशी उतारकर मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया है।
