Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में जनसुराज पार्टी नेता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। स्थानीयों का दावा है कि जनसुराज पार्टी नेता दुलारचंद की हत्या दो दलों के समर्थकों के बीच हुई झड़प के दौरान हुई। इस बीच, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मोकामा में हुई हिंसा को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए।
तेजस्वी यादव ने EC पर उठाए सवाल
राजद नेता ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हमें आश्चर्य है कि 40 गाड़ियों का काफिला हथियारों के साथ कैसे घूम सकता है? आयोग क्या कर रहा है? प्रशासन क्या कर रहा है? अब तक क्या कार्रवाई की गई है... गुंडों को कौन संरक्षण दे रहा है... इस मामले में चुनाव आयोग को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए... किसी डीएसपी/एसपी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बिहार में स्थिति क्या है? अब सामने आ गई है, जनता सबकुछ देख रही है।
राजग पर बरसे तेजस्वी यादव
राजग के संकल्प पत्र जारी करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वह हर चीज की नकल करते हैं। वह कहते हैं कि वे एक करोड़ रोजगार देंगे। वे हमसे पूछते हैं कि मैं रोजगार कहां से देंगे। उन्हें बताना चाहिए कि वह ऐसा कहां से करेंगे।
सनद रहे कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू के कद्दावर नेता अनंत सिंह और राजद की वीणा देवी चुनाव लड़ रही हैं, जहां पर 6 नवंबर को मतदान होगा। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, जन सुराज के समर्थकों ने जदयू उम्मीदवार पर क्षेत्र में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। इस पर अनंत सिंह ने कहा, ''मुझे नहीं पता कि यह कैसे हुआ। जब हम मोकामा टाल क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे, तब मेरे विरोधियों ने मेरे काफिले पर हमला किया। मुझे पता है कि राजद उम्मीदवार के पति सूरजभान सिंह इसमें शामिल हैं।"
