इलेक्शन

Gujarat Election: दूसरे चरण के लिए प्रचार खत्म, 5 दिसंबर को मतदान; 93 सीटों पर 833 उम्मीदवार मैदान में

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 3, 2022, 11:46 PM IST

Gujarat Election: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उन उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनकी प्रतिष्ठा दूसरे चरण में दांव पर लगी है। सीएम भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया से चुनावी मैदान में हैं। इनके अलावा अन्य प्रमुख नेताओं में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल (वीरमगाम) और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर (गांधीनगर दक्षिण) के नाम शामिल हैं।

Image

गुजरात चुनाव: दूसरे चरण का प्रचार खत्म

Gujarat Election: गुजरात चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का शोर थम गया है। इस चरण के लिए पांच दिसंबर (5 December 2022) को वोटिंग होगी। गुजरात विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए जोर-शोर से चल रहा प्रचार शनिवार शाम पांच बजे थम गया।

कितने उम्मीदवार मैदान में

गुजरात चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 833 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में 93 सीटों पर मतदान होना है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 2.54 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। जो अपने मत का प्रयोग पांच दिसंबर को करेंगे। इस चरण में उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिले शामिल हैं।

क्या है तैयारी

गुजरात में दूसरे चरण में मतदान 26,409 बूथों पर होगा। इस दौरान करीब 36,000 ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार दूसरे चरण के मतदान के दौरान 29,000 पीठासीन अधिकारी और 84,000 मतदान अधिकारी तैनात किए जाएंगे।

ये हैं प्रमुख उम्मीदवार

दूसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में घाटलोडिया से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल और गांधीनगर दक्षिण से ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर शामिल हैं। हार्दिक पटेल और ठाकोर दोनों बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

मैदान में बागी

दूसरे चरण में सत्ताधारी बीजेपी को कुछ जगहों पर बागी उम्मीदवारों से भी चुनौती मिल रही है। वाघोडिया से बीजेपी विधायक मधु श्रीवास्तव टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के पूर्व विधायक दीनू सोलंकी, धवलसिंह जाला और हर्षद वसावा भी पादरा, बयाड और नंदोद सीटों से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article