इलेक्शन

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर कांग्रेस में शामिल, कहा- BJP ने किया मुझे अपमानित

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 17, 2023, 10:39 AM IST

बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने उन्हें दूसरों के लिए रास्ता बनाने के लिए विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया था।

Image

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर कांग्रेस में शामिल

Photo : ANI

Karnataka Assembly Elections: कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। राज्य में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला (कर्नाटक प्रभारी), कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में वह पार्टी में शामिल हुए।

टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी से दिया इस्तीफा

बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने उन्हें दूसरों के लिए रास्ता बनाने के लिए विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा था कि वह आखिरी बार चुनाव लड़ना चाहते हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेट्टर ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने उन्हें टिकट न देकर अपमानित किया और पार्टी आज सीमित लोगों के नियंत्रण में है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मुझे उस पार्टी से जबरन बाहर धकेला किया जिसे मैंने खड़ा किया था। मैं आज कांग्रेस की विचारधारा और सिद्धांतों को अपनाते हुए उसमें शामिल हो रहा हूं।

शेट्टर रविवार को एक विशेष हेलीकॉप्टर से हुब्बल्लि से बेंगलुरु पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस महासचिव (कर्नाटक प्रभारी) रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख डी.के. शिवकुमार, पूर्व मंत्री एम.बी. पाटिल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा के साथ बातचीत की थी।

शेट्टर का सियासी सफर

शेट्टर हुब्बल्लि-धारवाड़ मध्य सीट से छह बार विधायक रहे हैं। शेट्टर एक अनुभवी नेता हैं। उनका परिवार जनसंघ के दिनों से पार्टी से जुड़ा रहा है। वह कित्तूर कर्नाटक क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। भाजपा में रहते हुए उन्होंने मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दीं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article