इलेक्शन

First Phase Voting: बाबा रामदेव से लेकर रजनीकांत तक...अब तक इन हस्तियों ने डाले वोट, देखें वीडियो

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 19, 2024, 11:49 AM IST

लोकसभा की 102 सीटों के अलावा पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीट के लिए भी मतदान शुरू हुआ। मुख्यमंत्रियों से लेकर प्रमुख उम्मीदवारों और बड़ी हस्तियां भी वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची। किस-किसने अब तक वोट डाला है, इस पर डालते हैं नजर।

Image

पहले दौर का मतदान

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार सुबह देश भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 102 सीटों पर मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, अंडमान निकोबार, असम, नगालैंड, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर की विभिन्न सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया। पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीट के लिए भी मतदान शुरू हुआ। मुख्यमंत्रियों से लेकर प्रमुख उम्मीदवारों और बड़ी हस्तियां भी वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची। किस-किसने अब तक वोट डाला है, इस पर डालते हैं नजर।

मोहन भागवत ने डाला वोट

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार सुबह रेशिमबाग के पास एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। आरएसएस प्रमुख मतदान केंद्र पर सबसे पहले पहुंचने वालों में से थे। मतदान शुरू होने से पहले उन्होंने लगभग 15 मिनट तक इंतजार किया। वह अपना वोट डालने के लिए अंदर गए और उसके तुरंत बाद बाहर निकले और गर्व के साथ अपनी स्याही लगी उंगली को दिखाया। मोहन भागवत ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने आज अपना पहला व्यक्तिगत कर्तव्य निभाया है। उन्होंने सभी लोगों से एक नागरिक के रूप में अपना वोट डालने का आह्वान करते हुए कहा, यह उनका अधिकार भी है और कर्तव्य भी है।

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृहनगर खटीमा के मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया।

पुडुचेरी के सीएम एन रंगास्वामी डेलारश्पेट मतदान केंद्र पर अपनी बाइक पर सवार होकर वोट डालने पहुंचे।

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने वोट डालने के बाद कहा, मैं आज आपसे अपील करना चाहता हूं कि ये लोकतंत्र का त्योहार है, अपना वोट जरूर डालें। आपके वोट से हमारा लोकतंत्र, हमारा देश मजबूत होगा...मैं बताना चाहूंगा कि राजस्थान में 2014 और 2019 का इतिहास दोहराएगा।

डीएमके के प्रमुख एमके स्टालिन ने चेन्नई में मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला।

वहीं, फिल्म स्टार रजनीकांत ने भी चेन्नई में मतदान किया।

केंद्रीय मंत्री और डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई इस सीट से विपक्ष के उम्मीदवार हैं।

कमलनाथ ने किया मतदान

छिंदवाड़ा में कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ ने पहले चरण में वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। उनके बेटे और कांग्रेस नेता नकुल नाथ छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

के अन्नामलाई ने डाला वोट

तमिलनाडु भाजपा प्रमुख और कोयंबटूर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के अन्नामलाई ने करूर के उथुपट्टी में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस निर्वाचन क्षेत्र में उनका मुकाबला डीएमके के गणपति पी. राजकुमार से है।

अभिनेता अजित कुमार पहले चरण में अपना वोट डालने के लिए तमिलनाडु के तिरुवन्मियूर के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे।

कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा में मतदान किया। अपना वोट डालने के बाद चिदंबरम ने कहा कि यह चुनाव का पहला चरण है, कुल सात चरण हैं।आज पूरे तमिलनाडु में मतदान हो रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी सीटें जीतेंगे।।

तमिलनाडु: सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने कोयंबटूर में पहले चरण के लिए अपना वोट डाला।

उत्तराखंड: योग गुरु बाबा रामदेव और पतंजलि आयुर्वेद के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने हरिद्वार के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

राजस्थान के मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौड़ ने जयपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

एन बीरेन सिंह ने किया मतदान

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इम्फाल पूर्व के लुवांगसांगबाम ममांग लीकाई में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

एक्टर त्रिशा ने चेन्नई में वोट डाला

तमिलनाडु: अभिनेता और एमएनएम प्रमुख कमल हासन ने चेन्नई के कोयम्बेडु में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनकी पार्टी मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) चुनाव नहीं लड़ रही है। पार्टी ने DMK का समर्थन किया और उसके लिए प्रचार किया है।

पहले चरण में कुल 102 सीटों पर मतदान

पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदान और सुरक्षा कर्मियों को लाने-ले जाने के लिए 41 हेलीकॉप्टर, 84 विशेष रेलगाड़ियां और लगभग एक लाख वाहन तैनात किए गए हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article