इलेक्शन

SIR : बंगाल चुनाव के लिए EC ने जारी की पूरक मतदाता सूची, 29 लाख नामों की जांच हुई पूरी

पूरक सूची में उन मतदाताओं के नाम शामिल हैं जिनके मामलों का निर्णय इन न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है।पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने शाम को कहा था कि अब तक लगभग 29 लाख नामों की जांच की जा चुकी है।

Image

चार मई को आएंगे पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे।

Photo : PTI

West Bengal Assembly Election 2026 : निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत 'विचाराधीन’ श्रेणी में रखे मतदाताओं के मामलों की सुनवाई के आधार पर सोमवार देर रात पहली पूरक मतदाता सूची जारी की अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक बूथ की सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देर रात करीब 11.55 बजे उपलब्ध कराई गई।

'विचाराधीन’ थे लगभग 60 लाख नाम

निर्वाचन आयोग द्वारा 28 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में लगभग 60 लाख नामों को 'विचाराधीन’ के रूप में चिह्नित किया गया था। इसके बाद, इन नामों को मतदाता सूची में रखा जाए या हटाया जाए, यह निर्धारित करने के लिए 705 न्यायिक अधिकारियों को नियुक्त किया गया था। पूरक सूची में उन मतदाताओं के नाम शामिल हैं जिनके मामलों का निर्णय इन न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है।पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने शाम को कहा था कि अब तक लगभग 29 लाख नामों की जांच की जा चुकी है।

और भी पूरक सूचियां प्रकाशित होंगी-EC

यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि इनमें से कितने नाम पहली पूरक सूची में रखे गए और कितने हटाए गए हैं। कई लोगों ने बताया कि सूची उपलब्ध तो कराई गई थी, लेकिन उसे डाउनलोड नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे न्याय प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, और भी पूरक सूचियां प्रकाशित की जाएंगी।

भवानीपुर में टीएमसी की बैठक

तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गृह नगर भवानीपुर में एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की, जहां पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में इस सीट पर बनर्जी की 60,000 से अधिक वोटों से जीत सुनिश्चित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया। सूत्रों के अनुसार, बंद कमरे में हुई बैठक में तृणमूल प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आत्मसंतोष के प्रति आगाह किया और उनसे मतदान समाप्त होने के बाद 'स्ट्रांग रूम’ पर नजर रखने को कहा। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा तथा मतों की गिनती चार मई को होगी।

50 अधिकारियों को हटाया जा चुका -ममता

ममता बनर्जी ने भी सभा को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुए हालिया प्रशासनिक परिवर्तनों पर चिंता व्यक्त की और केंद्र पर राज्य के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। ममता ने कार्यकर्ताओं से कहा, 'पिछले तीन दिनों में 50 अधिकारियों को हटाया जा चुका है। अगर कुछ भी होता है तो नरेन्द्र मोदी और निर्वाचन आयोग को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।’ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का भी जिक्र किया और कहा कि पार्टी समस्या का सामना करने वाले मतदाताओं को कानूनी सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, 'कल एक पूरक सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि किसी का नाम सूची से हटा दिया जाता है या उन्हें कोई कठिनाई होती है, तो हम कानूनी सहायता प्रदान करेंगे।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article