इलेक्शन

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Schedule: दिल्ली में एक ही चरण में होंगे चुनाव, 5 फरवरी को मतदान; 8 को नतीजे

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Schedule (दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 डेट ), Delhi Assembly Elections Voting, Exit Poll, Delhi Chunav Result Date: चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है। इसी के साथ ही दिल्ली में चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। बता दें कि दिल्ली में एक ही चरण में सभी 70 सीटों के लिए वोटिंग होगी।

Image

चुनाव आयोग

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Schedule: चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव (Delhi Election 2025) की घोषणा कर दी है। इसी के साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए 5 फरवरी को एक ही चरण में चुनाव होंगे, जबकि 8 फरवरी को वोटों की गिनती होगी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 कार्यक्रम

कार्यक्रमतारीख
नामांकन की आखिरी तारीख 17 जनवरी
मतपत्रों की जांच 18 जनवरी
नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 20 जनवरी
विधानसभा चुनाव5 फरवरी
मतगणना 8 फरवरी
यह भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव के बीच जानें क्या हैक हो सकती है EVM? चुनाव आयुक्त ने दिया यह जवाब

सीईसी राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 सामान्य श्रेणी की, जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। राजीव कुमार ने बताया कि राजधानी के 2697 स्थानों पर कुल 13,033 मतदान केंद्र होंगे और इनमें से 210 मॉडल मतदान केंद्र होंगे।

कब समाप्त हो रहा विधानसभा का कार्यकाल

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त होने वाला है। साल 2022 में चुनाव आयोग ने 6 जनवरी को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। ऐसे में 8 फरवरी को वोटिंग के बाद 11 फरवरी को काउंटिंग हुई थी जिसमें आम आदमी पार्टी ने एकतरफा 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 8 सीटों से संतोष करना पड़ा। वहीं, कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और ग्रैंड ओल्ड पार्टी दिल्ली में खाता तक नहीं खोल पाई थी।

हैट्रिक पर AAP की नजर

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की नजर हैट्रिक पर है। उसने 2015 में 67 और 2020 में 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा पिछले दो विधानसभा चुनावों (Delhi Election) में दहाई तक का आंकड़ा नहीं छू पाई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में संभवत: यह आखिरी चुनाव है। बता दें कि राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर होने वाले हैं।

दिल्ली में कुछ कितने मतदाता हैं?

चुनाव आयोग ने छह जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election 2025) के लिए वोटर्स की अंतिम सूची जारी की थी। आयोग ने बताया कि 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 वोटर रजिस्टर्ड हैं। जिनमें 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष मतदाता, जबकि 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता शामिल हैं।

बकौल चुनाव आयोग, युवा मतदाताओं (20 से 21 वर्ष के) की संख्या 28.89 लाख है, जबकि पहली बार मतदान के पात्र युवाओं की संख्या 2.08 लाख है।

आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी सहित तमाम राजनीतिक दलों ने चुनावी रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। साथ ही अपने-अपने वायदों और दावों के साथ जनता के बीच मौजूद हैं। छींटाकशी, विवादित बयानों और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चल रहा है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संजय सिंह ने 4 जनवरी को जिला मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन नई दिल्ली जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस शिकायत को बेबुनियादी बताया था। उन्होंने कहा था कि इस शिकायत में किसी भी प्रकार की सत्यता नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article