Assam Assembly Elections 2026: असम में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। नेताओं के एक दूसरे पर जुबानी हमले तेज हो गए हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 'पागल' कहा है। पीएम नरेंद्र मोदी असम के सीएम को 'कंट्रोल' करते हैं, राहुल के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने कहा कि 'सरकार को दिल्ली से ही चलेगी। दिसपुर और दिल्ली मिलेंगे तभी तो डबल इंजन की सरकार होगी। वह पागल है।' इसके बाद सरमा ने कहा कि असम में जनजातियों को समान नागरिक संहिता (UCC) के दायरे से दूर रखा जाएगा।
मोदी को कंट्रोल करते हैं ट्रंप-राहुल
दरअसल, जोरहाट में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि 'डोनाल्ड टंप, मोदी को आदेश देते हैं और मोदी कुछ नहीं कहते हैं। मोदी को पता है कि उनका राजनीतिक भविष्य ट्रंप के हाथ में है। डोनाल्ड ट्रंप मोदी को नियंत्रित करते हैं। ट्रंप यदि मोदी से कूदने के लिए कहें तो मोदी पूछेंगे कि कितनी दूरी तक कूदना और वह छलांग लगाना शुरू कर देंगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी पर ट्रंप का नियंत्रण है।'
राज्य में यूसीसी लागू करेंगे-पीएम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि इसी तरह असम के सीएम पर मोदी का नियंत्रण है क्योंकि सरमा के 'भ्रष्टाचार एवं अपराधों' के बारे में मोदी को पता है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू होने के बारे में सरमा ने कहा कि 'जनजातियों को इससे दूर रखा जाएगा।' गोगामुख में बुधवार को रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राज्य में यूसीसी लागू होगा और असम की पहचान बचाकर रखने वाली छठवीं अनुसूची और जनजातीय परंपराओं की सुरक्षा की जाएगी।
राहुल बोले-सत्ता के विकेंद्रीकरण में हमारा विश्वास
बीते दिनों कार्बी आंगलोंग जिले के बोकाजान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सत्ता के विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का शासन स्थानीय नेताओं को करना चाहिए, न कि दिल्ली या गुवाहाटी के अधिकारियों को, और इस बात पर बल दिया कि सार्थक बदलाव जमीनी स्तर से ही आना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर दिल्ली से इस राज्य को चलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
