इलेक्शन

हम तो अछूत हैं, मेरी तो चाय भी नहीं कोई पीता- गुजरात में मल्लिकाजुर्न खड़गे ने PM मोदी पर तंज कस बयां किया दर्द

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 2, 2022, 11:30 AM IST

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकाजुर्न खड़गे हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। अध्यक्ष बनने के बाद खड़गे गुजरात चुनाव में लगातार प्रचार कर रहे हैं। खड़गे के निशाने पर सीधे पीएम मोदी और बीजेपी का शासन है। इसी दौरान उन्होंने गुजरात में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा है।

Image

गुजरात में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Photo : Twitter

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने गुजरात में एक चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी पर जमकर तंज कसा। इस दौरान उन्होंने अपना दर्द भी बयां किया। कांग्रेस के 70 साल के शासन का जवाब देते हुए मल्लिकाजुर्न खड़गे ने कहा कि अगर कांग्रेस नहीं होती तो देश में लोकतंत्र नहीं होता।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'झूठों का सरदार' करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खुद को गरीब बताकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश करते हैं और दावा करते हैं कि लोग उन्हें गाली देते हैं। गुजरात में आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में एक जनसभा को संबोधित खड़गे ने कहा कि वह खुद गरीब से गरीब और अछूत जाति से आते हैं।

खड़गे ने कहा- "हमसे मोदी जी और शाह पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, अरे भाई 70 साल में हम कुछ नहीं करते तो आप लोकतंत्र नहीं पाते। आपके जैसा आदमी जो हमेशा कहते हैं कि मैं गरीब हूं...हम भी गरीब हैं। हम तो गरीब से भी गरीब हैं। हम तो अछूतों में आते हैं। कम से कम तुम्हारी चाय तो कोई पीता है, मेरी चाय भी नहीं पीता कोई।"

खड़गे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी पीड़ित कार्ड खेलकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा- "फिर आप कहते हैं कि मैं गरीब हूं, किसी ने मुझे गाली दी, कुछ कहा, मेरी हैसियत पर सवाल उठाया। अगर आप ऐसी बातें कहकर हमदर्दी हासिल करना चाहते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि लोग अब समझदार हैं।"

बता दें कि गुजरात में पहले चरण के लिए 1 दिसंबर को मतदान होना है। इस चुनाव में बीजेपी की सीधी लड़ाई कांग्रेस से है। हालांकि आप इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटी है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article