इलेक्शन

Gujarat Election: कांग्रेस का मेगा प्लान, 15 दिन में 25 रैलियां और 125 सीटों पर जोर; सोनिया-राहुल की भी होगी एंट्री

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 13, 2022, 08:53 PM IST

गुजरात चुनाव को लेकर अभी तक ये कहा जा रहा था कि कांग्रेस एक्टिव मोड में नहीं है, उसके बड़े नेता चुनाव प्रचार में नहीं दिख रहे हैं। हालांकि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात चुनाव में कांग्रेस की ओर से पहले ही मोर्चा संभाले हुए हैं, लेकिन अब सोनिया-राहुल के भी उतरने की चर्चा है।

Image

गुजरात चुनाव को जीतने के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान तैयार

Photo : PTI

गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने मेगा प्लान तैयार किया है। कांग्रेस 15 दिनों में 25 रैलियां करने की तैयारी कर रही है। इन रैलियों के सहारे कांग्रेस का जोर उन 125 सीटों पर होगा, जहां वो मजबूत मानी जाती है।

जैसे ही हिमाचल प्रदेश में मतदान खत्म हुआ, कांग्रेस पार्टी ने अपना ध्यान गुजरात चुनाव पर लगा दिया है। गुजरात कांग्रेस नेताओं के मुताबिक कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की भी एक जनसभा पर विचार किया जा रहा है। राहुल गांधी को लेकर भी कहा गया है कि वो भी गुजरात में प्रचार करते नजर आएंगे।

राहुल गांधी फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इसके कारण वो हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए थे, लेकिन अब खबर है कि वो गुजरात जा सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,कांग्रेस के दोनों मुख्यमंत्री- अशोक गहलोत और भूपेश बघेल, एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व सीएम और ओबीसी-एससी-एसटी-अल्पसंख्यक नेता भी चुनावी राज्य में रैलियां और प्रचार करते दिखेंगे। इंडिया टुडे के अनुसार एक वरिष्ठ नेता ने कहा- "जहां तक अभियान की बात है तो विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। इस बार विधानसभा चुनाव की रणनीति अलग है। अब हमारा अभियान अगले स्तर पर जाएगा। यह गुजरात में आखिरी मिनट का आक्रामक अभियान होगा।"

पिछली बार कांग्रेस ने आक्रमक प्रचार अभियान चलाया था। जिसका नेतृत्व राहुल गांधी ने किया था। तब कांग्रेस ने बीजेपी को जबरदस्त चोट दी थी। इस बार, कांग्रेस पार्टी ने बूथ प्रबंधन पर अधिक भरोसा करते हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में अपनी रणनीति बदली है। राहुल गांधी ने फरवरी 2022 में द्वारका में राज्य स्तरीय चिंतन शिविर में पार्टी के अभियान की शुरुआत की थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article