Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार दिग्गज उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP), आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने अपने बडे़ चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। पांच फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सभी दलों के उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। बीते मंगलवार को सीएम आतिशी ने AAP उम्मीदवार के तौर पर और अलका लांबा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कालकाजी सीट से अपना पर्चा भरा। दिल्ली की राजनीति में दोनों बड़े चेहरे हैं। दोनों नेत्रियों ने अपने हलफनामे में अपनी चल एवं अचल संपत्तियों का भी खुलासा किया।
आतिशी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने पास 76.93 लाख रुपये की कुल संपत्ति होने की घोषणा की। आतिशी ने बताया कि उनके नाम पर कोई कार या मकान नहीं है। वहीं, लांबा ने अपने हलफनामे में कुल 3.41 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की घोषणा की। निर्वाचन आयोग को आतिशी द्वारा सौंपे गए हलफनामे के अनुसार, उनकी चल संपत्ति में 30,000 रुपये नकद, एक लाख रुपये के सोने के आभूषण और बैंक खातों में जमा 75 लाख रुपये की सावधि जमा और बचत शामिल है। हलफनामे से यह भी पता चला है कि आतिशी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है।
आतिशी की संपत्ति में 17.14 लाख रुपये की वृद्धि
वर्ष 2020 के पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से आतिशी की वित्तीय संपत्ति में 17.14 लाख रुपये की वृद्धि हुई है। तब उन्होंने 59.79 लाख रुपये की कुल संपत्ति घोषित की थी। तब भी, उनके पास कोई कार, घर या अन्य अचल संपत्ति नहीं थी। वित्त वर्ष 2023-24 में उनकी आय 9,62,860 रुपये रही, जो 2022-23 में 4,72,680 रुपये थी। नामांकन दाखिल करने के बाद आतिशी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री की सर्वोच्च शैक्षणिक योग्यता विज्ञान स्नातकोत्तर की डिग्री है, जो उन्होंने 2006 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से प्राप्त की थी। हलफनामे से आतिशी के उपनाम को लेकर संदेह भी दूर हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट से अपना उपनाम ‘मार्लेना’ हटा दिया है, लेकिन हलफनामे के अनुसार उनका नाम अब भी आतिशी मार्लेना है।
2020 में आतिशी ने भाजपा के धरमबीर को हराया
वर्ष 2020 के पिछले चुनाव में आतिशी ने भाजपा के धरमबीर को हराकर 11,000 से अधिक मतों के अंतर से यह सीट जीती थी। आतिशी को पहले 13 जनवरी को रोड शो के बाद नामांकन दाखिल करना था, लेकिन कार्यक्रम के कारण देरी होने की वजह से वह तीन बजे की समयसीमा से चूक गईं। लेकिन आज उन्होंने सफलतापूर्वक अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री हैं और मुख्यंत्री पद से अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद पिछले सात सितंबर में उनकी जगह ली थी।
लांबा की संपत्ति में संपत्ति में 20.12 लाख रुपये की बढ़ोतरी
कांग्रेस उम्मीदवार लांबा के हलफनामे में कहा गया है कि उनके पास गुरुग्राम में 80 लाख रुपये का एक फ्लैट (एक वाणिज्यिक संपत्ति) और दक्षिण दिल्ली में दो करोड़ रुपये का एक आवासीय फ्लैट है। लांबा के पास 61.12 लाख रुपये की चल संपत्ति है। वर्ष 2020 में चांदनी चौक से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद से उनकी संपत्ति में 20.12 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हलफनामे में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी आय 8.28 लाख रुपये थी, जबकि 2023-24 में यह 8.91 लाख रुपये और 2022-23 में 5.35 लाख रुपये थी। लांबा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और भाजपा के रमेश बिधूड़ी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
