इलेक्शन

तेजस्वी के आरक्षण वाले बयान पर बोले चिराग; कहा- लोगों को गुमराह कर वोट हासिल करना चाहता है विपक्ष

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन आरक्षण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पलटवार करते हुए कहा कि लोगों को डराकर वोट लेना गलत रणनीति है। उन्होंने विपक्ष पर SIR और EVM जैसे मुद्दों से भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। चिराग ने कहा कि अगर विपक्ष को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है तो सुप्रीम कोर्ट जाएं।

Image

तेजस्वी ने आरक्षण वाले बयान पर चिराग की आई प्रतिक्रिया (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Chirag Paswan on Tejashwi Reservation Remark: बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के मतदान के लिए आज अंतिम दिन है। शाम 6 बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। उससे पहले पूरे जोर से पार्टियां अपना अंतिम दांव खेलने में लगी हैं। इसी बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे तेजस्वी यादव ने इस चुनाव में आरक्षण का मुद्दा उठा दिया, जिसपर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोगों को डराकर वोट हासिल करने की रणनीति और सोच गलत है।

क्या बोले चिराग

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में विपक्षी दलों के नेता मुद्दों से भटक जाते हैं और बेवजह के मुद्दों पर लोगों को गुमराह कर वोट हासिल करना चाहते हैं। विपक्षी दलों की यह सोच ठीक नहीं है।

SIR पर भी पूछा सवाल

उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव से पहले SIR जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे, दावा किया जा रहा था कि SIR के जरिए लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, क्या आपको कोई ऐसा मतदाता मिला जिसने कहा कि उसका वोट काट लिया गया? यह लोग EVM को दोष देते रहे, जब कोई नया बहाना नहीं मिला तो SIR को नया मुद्दा बनाया।

SIR का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दलों को लगता है कि SIR उनके लिए मुद्दा है तो एक बार भी अधिकृत आपत्ति दर्ज क्यों नहीं करवाई? अगर आपको चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है तो सुप्रीम कोर्ट जाइए, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। लोगों को डराकर वोट हासिल करने की सोच गलत है।

पिछले चुनावों के दावों को किया याद

चिराग पासवान ने कहा कि SIR का न तो सरकार से और न ही हमारे राज्य के लोगों से कोई लेना-देना है। हर चुनाव में विपक्ष ने हमेशा भ्रम फैलाने की कोशिश की है। आप देखेंगे, यह विपक्ष की रणनीति का हिस्सा बन गया है, जब भी चुनाव आते हैं, वे एक झूठी कहानी बनाते हैं, गलत सूचना फैलाते हैं और डर पैदा करने की कोशिश करते हैं। लोकसभा चुनाव में भी देखा गया था कि विपक्ष ने भ्रम फैलाया कि NDA की सरकार फिर से आई तो देश में आरक्षण और संविधान खत्म कर दिया जाएगा। पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल को सवा साल से ज्यादा हो गया है। मैं विपक्षी दलों के नेता से पूछता कि क्या संविधान खत्म हो गया और लोकतंत्र खत्म हो गया।

क्या बोले थे तेजस्वी

बता दें कि आज तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि गठबंधन की 17 महीने की सरकार ने बिहार में नए आरक्षण का ऐतिहासिक फैसले के साथ एक ठोस आधार दिया, लेकिन केंद्र सरकार और पीएम इस मुद्दे पर बिल्कुल चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री लोगों का 65% आरक्षण 'खा गए' हैं और अब जनता के असली सवालों से ध्यान हटाने का प्रयास हो रहा है। इसी बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article