इलेक्शन

आंध्र प्रदेश में बदलेंगे समीकरण: चंद्रबाबू नायडू की एनडीए में वापसी तय, भाजपा, टीडीपी और जनसेना में होगा गठबंधन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 9, 2024, 01:49 PM IST

Andhra Pradesh Politics: चंद्रबाबू नायडू पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान एनडीए गठबंधन में रह चुके हैं और उनके फिर से एनडीए में आने के बाद भाजपा को आंध्र प्रदेश में तो राजनीतिक लाभ मिलना तय ही माना जा रहा है।

Image

चंद्रबाबू नायडू

Photo : BCCL

Andhra Pradesh Politics: लोकसभा चुनाव से पहले आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की एनडीए गठबंधन में वापसी लगभग तय हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। अमित शाह के आवास पर चल रही बैठक अब खत्म हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जल्द ही औपचारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं।

भाजपा आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के साथ मिल कर चुनाव लड़ेगी। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर अमित शाह, जेपी नड्डा, चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के बीच हुई बैठक में सीट बंटवारे पर सहमति हो जाने के बाद नायडू की एनडीए गठबंधन में वापसी का रास्ता भी साफ हो गया है। बताया जा रहा है कि ये तीनों दल एनडीए गठबंधन के तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

पहले भी भाजपा के साथ गठबंधन कर चुके हैं नायडू

इससे पहले चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण ने 7 मार्च को भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ आंध्र प्रदेश में गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की थी। नायडू की एनडीए गठबंधन में वापसी को लेकर दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत के बाद समझौते के फॉर्मूले पर सहमति बन पाई है। नायडू पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान एनडीए गठबंधन में रह चुके हैं और उनके फिर से एनडीए में आने के बाद भाजपा को आंध्र प्रदेश में तो राजनीतिक लाभ मिलना तय ही माना जा रहा है। लेकिन साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि इस समझौते से बनने वाले माहौल का फायदा भाजपा को दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी हो सकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article