Assembly Elections 2026: असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान मंगलवार शाम समाप्त हो जाएगा। असम की 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान गुरुवार को एक ही चरण में होगा। सोमवार को वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में जनसभाओं को संबोधित किया। मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य के हर जिले और क्षेत्र का विकास उनकी पार्टी और एनडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में असम ने शांति और समृद्धि का दौर देखा है।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होगा मतदान
इस बीच, तमिलनाडु में एक चरण के मतदान और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच आज की जाएगी। दोनों राज्यों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया कल समाप्त हो गई, जबकि उम्मीदवार गुरुवार तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर मतदान इस महीने की 23 तारीख को होगा। पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण का मतदान 29 तारीख को 142 सीटों पर कराया जाएगा। चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के लिए मतगणना अगले महीने की 4 तारीख को होगी।
केरल में जोरदार मुकाबला
केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान मंगलवार को समाप्त होने के बीच कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने सोमवार को एक-दूसरे पर तेज हमले किए। एलडीएफ ने एक प्रगति रिपोर्ट जारी कर दावा किया है कि उसने 2021 के अपने 97 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, 1.32 करोड़ पुरुषों, 1.39 करोड़ महिलाओं और 273 तृतीय लिंग सहित कुल 2.71 करोड़ मतदाता तथा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।
असम में नड्डा ने बोला कांग्रेस पर हमला
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी चाय बागानों में रहने वाली जनजातियों को सिर्फ "वोट बैंक" के रूप में देखती है, लेकिन उनके वास्तविक कल्याण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती। असम में चाय बागानों में रहने वाली जनजातियां 19वीं शताब्दी में औपनिवेशिक काल के दौरान वर्तमान झारखंड, ओडिशा और बिहार के आदिवासी क्षेत्रों से इस क्षेत्र में लाए गए श्रमिकों की वंशज हैं। डूमडूमा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रूपेश गोवाला के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने इस पूर्वोत्तर राज्य में अपने शासनकाल के दौरान घुसपैठियों को शरण दी।
