By poll Results: बंगाल-तमिलनाडु सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों के साथ ही 5 राज्यों की 7 सीटों पर नतीजे सामने आए हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजों पर भी लोगों की नजरें रहीं। कहीं बीजेपी ने बाजी मारी तो कहीं कांग्रेस ने परचम लहराया। किस सीट पर किस पार्टी और उम्मीदवार को जीत मिली है जानिए।
बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार जीतीं
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक जीत हासिल की है। सुनेत्रा पवार को 2.18 लाख से अधिक वोट मिले हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और अपने समर्थकों से अपील की कि परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस न निकालें। उन्होंने मतदाताओं द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को अपने दिवंगत पति अजित पवार की स्मृति को समर्पित किया और लोगों से संयम बरतने और उनके आदर्शों को प्रतिबिंबित करने वाले आचरण को बनाए रखने का आग्रह किया। गत 28 जनवरी को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख अजित पवार की पुणे जिले के बारामती हवाई पट्टी के पास एक विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गए थे। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। वह अपने परिवार की इस निर्वाचन क्षेत्र पर मजबूत पकड़ को देखते हुए भारी जीत की ओर अग्रसर हैं। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
राहुरी सीट से बीजेपी जीती
महाराष्ट्र की राहुरी सीट से बीजेपी प्रत्याशी अक्षय करदिले को जीत मिली है। उन्होंने 112070 वोटों से NCP (SP) के उम्मीदवार मोकाटे गोविंद खंडू को शिकस्त दी है। अक्षय करदिले को 129541 वोट मिले हैं।
कर्नाटक उपचुनाव
सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार उमेश मेती ने बागलकोट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 22,332 मतों के अंतर से जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। राज्य के बागलकोट और दावणगेरे में नौ अप्रैल को उपचुनाव कराए गए थे। दावणगेरे दक्षिण सीट पर मतगणना जारी है, जहां कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ मल्लिकार्जुन भाजपा के श्रीनिवास टी दासकारियप्पा से 5,824 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों एच वाई मेती (बागलकोट) और शमनूर शिवशंकरप्पा (दावणगेरे दक्षिण) के निधन के कारण उपचुनाव आवश्यक हो गए थे।
गुजरात में उमरेठ में भाजपा के हर्षद परमार की जीत
गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हर्षद परमार ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भृगुराजसिंह चौहान को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर सोमवार को जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, परमार को 85,500 वोट मिले, जबकि चौहान को 54,757 वोट मिले। चार अन्य उम्मीदवार- तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी से - उनसे काफी पीछे रह गए और 1,000 वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव हुआ है। भाजपा ने उनके बेटे हर्षद परमार को चुनाव मैदान में उतारा और यह उनका पहला बड़ा चुनाव है।
नगालैंड में कोरीदांग उपचुनाव
नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार दाओचिर आई इम्चेन ने 3,123 वोट से जीत हासिल की। दाओचिर आई इम्चेन ने 7,317 वोट प्राप्त किए और निर्दलीय उम्मीदवार तोशिकाबा को हराया, जिन्हें 4,194 वोट मिले। एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार, इम्तिवापांग, 3,633 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि एनपीपी उम्मीदवार आई अबेनजान को 3,219 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार टी चालुकुम्बा आओ को मात्र 144 वोट मिले, जबकि नोटा को 48 वोट प्राप्त हुए।
इस जीत के साथ, इम्चेन 35 वर्ष की आयु में सबसे युवा विधायक के रूप में नगालैंड की 14वीं विधानसभा में प्रवेश कर गए हैं। उन्होंने कई मतदान केंद्रों पर, विशेष रूप से मंगमेटोंग और लोंगखुम क्षेत्रों में, लगातार बढ़त बनाए रखी और निर्णायक जीत हासिल की। उनके पिता, पांच बार के पूर्व विधायक इम्कोंग एल इम्चेन के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
त्रिपुरा: धर्मनगर उपचुनाव में भाजपा ने हासिल की जीत
त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जे. चक्रवर्ती ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार को 18,920 मतों के अंतर से हरा दिया। चक्रवर्ती को 24,291 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा उम्मीदवार अमिताभ दत्ता को 6,001 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस के चयन भट्टाचार्य को 5,936 मत ही मिल सके। त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के पिछले साल दिसंबर में निधन के कारण यहां उपचुनाव आवश्यक हो गया था। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 79.84 रहा। उपचुनाव में चक्रवर्ती की जीत के साथ ही त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की कुल सीट की संख्या 33 हो गई, जबकि उसकी सहयोगी - टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के 13 विधायक हैं और त्रिपुरा के स्वदेशी जन मोर्चा का एक विधायक है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाने के लिए धर्मनगर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
