Telangana Election Results 2023: तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजे आज सामने आ रहे हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। मुकबला कांग्रेस और बीआरएस के बीच है और भारतीय जनता पार्टी ने इसे त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। एग्जिट पोल बता रहे हैं कि राज्य में कांग्रेस केसीआर की बीआर पर भारी पड़ सकती है। सीएम के चंद्रशेखर राव के सामने कांग्रेस ने कड़ी चुनौती पेश की है।
वहीं, बीजेपी भी बड़ी जीत दर्ज करने के इरादे से जी-तोड़ कोशिश में जुटी हुई है और के चंद्रशेखर राव की सरकार को सत्ता से हटाना चाहती है। इसी रणनीति के तहत उसकी उम्मीदवार सूची में एक नाम ने चौंकाया है। ये नाम है सोयम बापू राव जो बोथ से चुनाव लड़ रहे हैं। सोयम आदिलाबाद (एसटी) से सांसद हैं और इस सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं।
जानिए मतगणना में कौन आगे कौन पीछे
टीआरएस के गोदम नागेश को हराया था
2019 के आम चुनाव में सोयम बापू राव ने बीजेपी उम्मीदवार के रूप में टीआरएस के गोदम नागेश को 58,560 वोटों के अंतर से हराकर आदिलाबाद लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की। सोयम बापू राव को 377,374 वोट मिले थे। इस चुनाव में भी राव के सामने जीत का सिलसिला बरकरार रखने की चुनौती है।
एमपी एलएडीएस फंड के इस्तेमाल निजी कामों में किया
बीजेपी सांसद सोयम बापू राव एमपी एलएडीएस फंड के इस्तेमाल को लेकर विवादों में भी घिरे थे। इसी साल जून 2023 में उन्होंने स्वीकार किया था कि उन्होंने निजी कारणों से एमपी एलएडीएस फंड का इस्तेमाल किया है। सोयम बापू राव ने आदिलाबाद में बीजेपी प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में कहा कि उन्होंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (LADS) के फंड का इस्तेमाल अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए करने के बजाय अपने निजी इस्तेमाल में किया था। सांसद ने कहा था, 2.5 करोड़ रुपये दूसरी बार आए। हमने इस क्षेत्र में एमपीटीसी और पार्षदों को कुछ धनराशि दी। चूंकि मेरे पास इस क्षेत्र में घर नहीं है, इसलिए मैंने घर बनाने के लिए कुछ पैसे का इस्तेमाल किया और कुछ मेरे बेटे की शादी के लिए लगाया। उनके इसी बयान पर उनकी भारी आलोचना हुई थी और उनपर कार्रवाई की मांग की गई थी।
