West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले राज्य में सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। चुनावी प्रचार के अंतिम दौर में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने रैलियों, रोड शो और जनसभाओं के जरिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बारासात में एक रोड शो का नेतृत्व किया, जहां भारी संख्या में भीड़ उमड़ी।
ममता बनर्जी पर बरसे अमित शाह
इस दौरान, अमित शाह ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीत में रोड शो में उमड़ी भीड़ को परिवर्तन की लहर बताया और कहा कि बंगाल में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बन रही है और 'दीदी' को सत्ता से बाहर कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने टाइम्स नाउ नवभारत के संवाददाता अभिषेक राज के साथ बातचीत में विश्वास जताया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और उसका नजारा रोड शो में दिखाई दे रहा है।
ममता बनर्जी द्वारा अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी यादव को प्रचार के लिए बुलाए जाने पर अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि यह सारे अपने-अपने यहां चुनाव हारे हुए लोग हैं। इस दौरान, अमित शाह ने पहले चरण की बंपर वोटिंग के बाद दूसरे चरण से भी बहुत उम्मीदें जताईं और कहा कि जो पहले चरण में हुआ, वैसा ही दूसरे चरण में भी होगा।
अमित शाह ने घुसपैठियों और नारी शक्ति को भाजपा का मुख्य मुद्दा बताया और इन समस्याओं के समाधान पर उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद तुरंत उसका एक एक्शन प्लान हमारे नए मुख्यमंत्री रखेंगे।
'सत्ता में आने पर सिंडिकेट राज का अंत करेगी BJP'
इससे पहले, अमित शाह ने नदिया जिले के तेहट्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह राज्य में ''गुंडा राज'' और ''सिंडिकेट राज'' का अंत करेगी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ही मतदाताओं ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार का सफाया कर दिया है। उन्होंने कहा, ''भाजपा ने 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनाव में 110 सीटें जीत ली हैं।''
