इलेक्शन

जान से मारने की मिली धमकी के बाद रवि किशन का ऐलान; मां और भगवान का अपमान बर्दाश्त नहीं, दोबारा जाऐंगे बिहार

भाजपा सांसद रवि किशन को बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की आशंका से परेशान विरोधियों ने न केवल उन्हें बल्कि उनकी मां को भी अपशब्द कहे। सांसद ने स्पष्ट कहा है कि वे किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और जल्द ही दोबारा बिहार जाकर प्रचार जारी रखेंगे।

Image

अभिनेता और सांसद रवि किशन (फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

Ravi Kishan Death Threat: गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन ने आरोप लगाया है कि चुनाव में हार की आशंका से परेशान विरोधियों ने उन्हें और उनकी मां को अपमानजनक बातें कही हैं। बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन ने शनिवार को आईएएनएस से कहा कि विरोधी दल बुरी तरह पिछड़ रहे हैं, इसलिए इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धमकियों के बावजूद वे अपना प्रचार अभियान नहीं रोकेंगे और जल्द ही दोबारा बिहार जाएंगे।

रवि किशन ने धमकी देने वालों को चेतावनी देते हुए कहा, "जो लोग मुझे धमकियां दे रहे हैं, उन्हें साफ बता दूं कि मैं फिर से बिहार आ रहा हूं।" उन्होंने आगे श्रद्धाभाव से कहा, "जेकर नाथ भोलेनाथ, उ अनाथ कैसे होई; जब भोला चाह लिहे, दिन त रात कैसे होई।" सांसद ने बताया कि उन्हें फोन पर अभद्र भाषा में बातें कही गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “हाल ही में मुझे फोन पर गालियां दी गईं, मेरी माता जी के बारे में आपत्तिजनक शब्द बोले गए और मुझे जान से मारने की धमकियां मिलीं। साथ ही प्रभु श्रीराम के प्रति भी अपमानजनक टिप्पणी की गई। यह केवल मेरे व्यक्तिगत सम्मान पर नहीं, बल्कि हमारी आस्था और भारतीय संस्कृति की मूल भावनाओं पर सीधा हमला है।”

समाज में नफरत और अस्थिरता फैलाने की साजिश

भाजपा सांसद रवि किशन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ऐसे कृत्य समाज में नफरत और अस्थिरता फैलाने की साजिश हैं, जिनका जवाब वे लोकतांत्रिक मूल्यों और वैचारिक दृढ़ता के साथ देंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी धमकी से भयभीत नहीं होंगे और न ही झुकेंगे। आगे उन्होंने लिखा कि जनसेवा, राष्ट्रप्रेम और धर्म के मार्ग पर चलना उनके लिए कोई राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। रवि किशन के अनुसार, वे इस पथ पर हर परिस्थिति में अडिग रहेंगे, चाहे इसके लिए किसी भी प्रकार की कठिनाई या कीमत क्यों न चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि यह मार्ग भले ही चुनौतीपूर्ण हो, लेकिन उन्हें इसी में अपने जीवन का उद्देश्य और सार्थकता दिखाई देती है। उनके शब्दों में, यह संघर्ष आत्मसम्मान, आस्था और कर्तव्य की रक्षा का प्रतीक है, और वे इस राह पर अंत तक दृढ़ता और निष्ठा के साथ बने रहेंगे।

मामले की जांच फिलहाल जारी

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, गोरखपुर के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जानकारी दी कि बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए भाषणों को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर धमकी दी है। इस मामले में रामगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच फिलहाल जारी है। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 302, 351(3) और 352 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। यह शिकायत रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article