इलेक्शन

Jharkhand Election: झारखंड में बागियों के खिलाफ BJP की बड़ी कार्रवाई, एक ही झटके में निकाल दिए 30 नेता

Jharkhand Election: झारखंड में बीजेपी ने अपने 30 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है। ये नेता टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरे हुए हैं।

Image

झारखंड में बीजेपी ने बागियों को पार्टी से निकाला

Photo : Twitter

Jharkhand Election: झारखंड में बीजेपी ने अपने बागी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। बीजेपी ने एक ही झटके में 30 नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। ये 30 नेता झारखंड विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए 13 और 20 नवंबर को दो चरण में मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

छह साल के लिए निष्कासित

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में विभिन्न सीटों पर अपने प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे 30 नेताओं को मंगलवार को निष्कासित कर दिया। पार्टी ने एक बयान में यह जानकारी दी। भाजपा के सभी बागी नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘भाजपा की नीतियों का उल्लंघन करके अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल करने और चुनाव लड़ने के कारण 30 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।’’

किस-किसको बीजेपी ने निकाला

पार्टी से निकाले गए नेताओं में चंद्रमा कुमारी (पलामी), कुमकुम देवी (हजारीबाग), जूली देवी (दुमका), बलवंत सिंह (लातेहार), अरविंद सिंह (खरस्वां), बांके बिहारी (हजारीबाग), चितरंजन साव (बोकारो) और हजारी प्रसाद साहू शामिल हैं।

योगी ने की रैली

बता दें कि बीजेपी अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए अपने सभी शीर्ष नेताओं को मैदान में उतार चुकी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर राज्य में माफियाओं को ‘संरक्षण’ देने का आरोप लगाया और लोगों से अनुरोध किया कि वे उनका ‘बुलडोजर’ से सफाया कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दें। आदित्यनाथ ने दावा किया कि माफियाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश में की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article