इलेक्शन

उम्मीदवारों को लेकर देर रात तक हुआ BJP का मंथन, मोदी-शाह रहे मौजूद, आज जारी हो सकती है दूसरी लिस्ट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 12, 2024, 07:52 AM IST

बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया। जिन राज्यों के लिए BJP उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है, उनमें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा शामिल हैं।

Image

बीेजेपी का मंथन

BJP Candidates List: आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की दूसरी सूची को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। भाजपा मुख्यालय में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक बैठक देर रात तक चली। उनके मुताबिक पार्टी की दूसरी सूची मंगलवार या बुधवार को जारी हो सकती है।

इन राज्यों के उम्मीदवारों की सूची होगी जारी

जिन राज्यों के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है, उनमें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा शामिल हैं। बैठक से पहले हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ राज्य में दोनों सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत की। हालांकि हरियाणा भाजपा नेताओं का एक वर्ग गठबंधन का विरोध कर रहा है, लेकिन पार्टी अपने विकल्पों पर विचार करती दिख रही है। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जजपा ने विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के साथ गठबंधन किया था।

भाजपा ने कई दलों से हाथ मिलाया

भाजपा ने अप्रैल-मई में संभावित आम चुनावों के मद्देनजर हाल ही में कई दलों के साथ हाथ मिलाया है। तेलुगु देशम पार्टी पिछले दिनों भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल हुई है। ओडिशा के सत्तारूढ़ बीजू जनता दल के साथ भी उसकी बातचीत जारी है। नड्डा और शाह ने पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों की चुनाव समितियों और वहां के वरिष्ठ नेताओं के साथ विभिन्न बैठकें कर उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया है।

पहली सूची में थे 195 उम्मीदवारों के नाम

इससे पहले भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक एक मार्च को हुई थी और इसके अगले दिन पार्टी ने 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। पहली सूची में प्रधानमंत्री मोदी (वाराणसी), शाह (गांधीनगर) और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ) के नाम भी शामिल थे। इस सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम शामिल थे जबकि तीन मंत्रियों के टिकट काट दिए गए थे।

इन राज्यों के उम्मीदवार शामिल

पार्टी की पहली सूची में 28 महिलाएं और 47 युवा शामिल हैं, जबकि 27 उम्मीदवार अनुसूचित जाति से, 18 अनुसूचित जनजाति से और 57 अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं। सूची में उत्तर प्रदेश की 51 सीट, पश्चिम बंगाल की 20, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात और राजस्थान की 15-15 सीट, केरल और तेलंगाना की 12-12 सीट, झारखंड, छत्तीसगढ़ और असम की 11-11 सीट और दिल्ली की पांच सीट सहित कुछ अन्य प्रदेशों व केंद्र शासित प्रदेशों में उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। (Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article