इलेक्शन

Bihar Election: बिहार में पहले चरण के पोस्ट पोल स्क्रूटनी पूरी, किसी भी सीट पर Re-poll की जरूरत नहीं

Bihar Election: निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान के बाद 121 सीटों के 45,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है। आयोग ने बताया कि उसके द्वारा नियुक्त 121 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और 121 सामान्य पर्यवेक्षकों (जीओ) की मौजूदगी में सभी 121 विधानसभा क्षेत्रों में दस्तावेजों की जांच की गई। इस प्रक्रिया में लगभग 455 उम्मीदवारों या उनके एजेंटों ने भी हिस्सा लिया।

Image

बिहार में पहले चरण में कही नहीं होगी पुनर्मतदान (फोटो- EC)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद हुई पोस्ट पोल स्क्रूटनी की प्रक्रिया मंगलवार को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी कर ली गई। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान किसी भी विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान (Re-poll) की आवश्यकता नहीं पाई गई है।

नहीं मिली कोई अनियमितता

पहले चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। स्क्रूटनी प्रक्रिया में सभी 121 रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और 121 जनरल ऑब्जर्वर मौजूद रहे। इसके अलावा लगभग 455 उम्मीदवारों या उनके अधिकृत एजेंटों ने भी इस प्रक्रिया में भाग लिया। चुनाव आयोग के अनुसार, फॉर्म 17A और अन्य मतदान से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई, लेकिन किसी भी मतदान केंद्र पर अनियमितता या गड़बड़ी नहीं पाई गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और जांच पूरी होने के बाद सभी दस्तावेजों को दोबारा सील कर दिया गया।

बिहार में पहले चरण में लगभग 65 प्रतिशत मतदान

आयोग ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार संपन्न हुई और पहले चरण का मतदान पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष पाया गया। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को 121 सीटों पर लगभग 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। इस ऐतिहासिक मतदान ने लगभग 20 वर्षों से सत्ता पर काबिज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच ‘सुशासन बनाम सबको नौकरी’ की जंग को निर्णायक मोड़ पर ला दिया है।

11 नंवबर को दूसरा चरण

पहले चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें राजद के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री शामिल हैं। हालांकि, मतदान ज्यादातर शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कुछ जगहों पर हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं, जिनमें उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के वाहन पर कथित हमला भी शामिल है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अब दूसरे चरण के मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जो 11 नवंबर को होगा। पहले चरण की मतगणना 14 नवंबर को निर्धारित है।
Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article