इलेक्शन

Bihar Hot Seat Mokama: मोकामा में दो बाहुबलियों के बीच है चुनावी टक्कर, अनंत सिंह की बादशाहत को चुनौती दे रहे हैं सूरजभान

Bihar Hot Seat Mokama: बिहार में मोकामा विधानसभा सीट सालों से हॉट सीट रही है। मोकामा से अनंत सिंह जीतते रहे हैं और उससे पहले अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह का इस सीट पर दबदबा था। वहीं सूरजभान सिंह भी मोकामा सीट से एक बार निर्दलीय विधायक बन चुके हैं, बाकि के चुनाव में उनके परिवार को हार मिली है।

Image

मोकामा में दो बाहुबलियों के बीच टक्कर

Bihar Hot Seat Mokama: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के टॉप 10 हॉट सीट की बात की जाए तो मोकामा उसमें सबसे ऊपर होगा। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के अंदर आने वाला मोकामा, बाहुबलियों के टक्कर के लिए मशहूर रहा है। सालों से यहां एक ओर अनंंत सिंह और उनके परिवार का दबदबा रहा है तो दूसरी ओर अनंत सिंह को मोकामा सीट पर टक्कर सूरजभान सिंह से मिलती रही है। दोनों ही बाहुबली हैं। एक बार फिर से मोकामा विधानसभा सीट अनंत सिंह बनाम सूरजभान सिंह हो रखा है।

मोकामा सीट पर अनंत सिंह का दबदबा

मोकामा विधानसभा सीट पर अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार का 2005 के विधानसभा चुनाव के समय से दबदबा है। 2005 से अनंत सिंह इस सीट पर चुनाव जीतते रहे हैं। अनंत सिंह से पहले उनके भाई दिलीप सिंह इस सीट से 1990 और 1995 में चुनाव जीते थे। अनंत सिंह की पत्नी 2022 के उपचुनाव में मोकामा से विधानसभा सीट जीती थी और वर्तमान में मोकामा से वही विधायक हैं। अनंत सिंह 2020 में और उनकी पत्नी नीलम देवी 2022 में राजद के टिकट से चुनाव जीते थे, लेकिन इस बार अनंत सिंह जदयू से चुनावी मैदान में हैं। अनंत सिंह का मोकामा विधानसभा सीट पर दबदबा इस बात से समझा जा सकता है कि वो इस सीट से निर्दलीय भी जीत चुके हैं। अनंत सिंह मोकामा से तीन बार जदयू से एक बार निर्दलीय और एक बार राजद से विधायक बन चुके हैं।

अनंत सिंह के टक्कर में सूरजभान सिंह और परिवार

अनंत सिंह को मोकामा विधानसभा सीट पर सूरजभान सिंह के परिवार से टक्कर मिलती रही है। सूरजभान सिंह भी भूमिहार समाज से आते हैं और अनंत सिंह भी। मोकामा सीट से सिर्फ एक बार सूरजभान सिंह जीते हैं, तब उन्होंने अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह को हराया था। तब सूरजभान निर्दलीय चुनावी मैदान में थे। लेकिन जब से मोकामा में अनंत सिंह की एंट्री हुई है, मोकामा अनंतमय ही रहा है। अनंत सिंह के सामने कभी सूरजभान के करीबी ललन सिंह मैदान में उतरे हैं तो कभी उनकी पत्नी सोनम देवी, लेकिन अभी तक सफलता हासिल नहीं हुई है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह के सामने अपनी पत्नी वीणा देवी को चुनावी मैदान में उतरा है।

मोकामा विधानसभा सीट उम्मीदवार लिस्ट 2025 (Mokama Assembly Constituency Candidate List 2025)

पार्टी उम्मीदवार का नाम
जेडी(यू)अनंत सिंह
राजदवीणा देवी
एएपीडॉ. राजेश कुमार
जेएसपीप्रियदर्शी पीयूष
स्वतंत्रअनिल कुमार

दुलार चंद यादव की मौत से टाल अशांत!

मोकामा सीट पर मतदान से कुछ दिन पहले ही जनसुराज समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या ने माहौल गर्मा दिया है। दुलार चंद यादव की हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा है और अनंत सिंह इस मामले में गिरफ्तार भी हो चुके हैं। दुलार चंद की हत्या को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। अनंत सिंह और उनके समर्थक इस हत्या से अपने आप को सिरे से अलग कर रहे हैं। अनंत सिंह का दावा है कि उनका काफिला जब दुलारचंद की गाड़ी के सामने से गुजरा तो लास्ट की कुछ गाड़ियों पर दुलार चंद और उनके लोगों ने हमला बोल दिया है, इसी दौरान वहां से लोग भागे और यह हादसा हुआ। वहीं जनसुराज उम्मीदवार पीयूष का कहना है कि अनंत सिंह ने दुलार चंद यादव को मारा है। हालांकि पीयूष और दुलार चंद के पोते के बयान में विरोधाभास ने इस मामले को उलझा दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article