इलेक्शन

Bihar Election: PM मोदी ने बताई 'जंगलराज' की 5 पहचान, मुजफ्फरपुर में गोलू अपहरण कांड का भी किया जिक्र

Bihar Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते। इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर एक छत्र राज किया। लेकिन इन्होंने जनता को सिर्फ विश्वासघात दिया है। पीएम मोदी ने 'जंगलराज' का जिक्र करते हुए कहा कि आप लोग आरजेडी सरकार में हुआ गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते।

Image

पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित किया।(फोटो सोर्स: @BJP4India)

Photo : Twitter

Bihar Election: बिहार के मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजद-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों की पहचान इन पांच चीजों से है- कट्टा, क्रूरता,कटुता, कुशासन और करप्शन।

पीएम मोदी ने कहा कि जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता बढाने वाली आरजेडी और कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां आरजेडी और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। गरीब का हक लूट जाता है, सिर्फ और सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।'

पीएम मोदी ने गोलू अपहरण कांड का किया जिक्र

पीएम मोदी ने 'जंगलराज' का जिक्र करते हुए कहा कि आप लोग आरजेडी सरकार में हुआ गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। इसी शहर में 2001 में स्कूल जाते हुए एक छोटे से बालक को अपराधियों ने दिन-दहाड़े किडनैप कर लिया था। इसके बदले अपराधियों ने पैसे मांगे थे। जब रुपये नहीं दे पाए, तो आरजेडी के इन चट्टे-बट्टों ने उस छोटे से बालक के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे।'

लालटेन युग वाले क्या बिजली दे पाएंगे: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार को आगे बढाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का हो, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार और घोटाले के रिकॉर्ड तोड़ दिए, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?'

कांग्रेस और आरजेडी के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे: प्रधानमंत्री

वहीं, छठ महापर्व का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने महागठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 'आपने देखा है कि आपका ये बेटा तो छठी मईया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और आरजेडी के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मईया का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं?'

उन्होंने आगे कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के लोग कितनी बेशर्मी से बोल रहे हैं। उनके लिए छठी मईया की पूजा नौटंकी है, ड्रामा है। ऐसे लोगों को सजा मिलनी चाहिए या नहीं? जो महिलाएं निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं.... जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। वो आरजेडी-कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं। क्या बिहार की माताएं- बहनें छठी मईया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूं कि छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।'

बता दें कि मुजफ्फरपुर में बिहार चुनाव के पहले चरण के तहत 6 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article