इलेक्शन

कितने अमीर हैं तेज प्रताप यादव? जनशक्ति जनता दल के नेता ने हलफनामे में आपराधिक मामलों का भी किया खुलासा

Bihar Election: नामांकन पत्र के साथ निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किए गए हलफनामे में तेज प्रताप यादव ने बताया कि उनके पास 91.65 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जो वर्ष 2020 में घोषित 1.22 करोड़ रुपये से कम है। वहीं, उनकी अचल संपत्ति 1.96 करोड़ रुपये है, जो पांच वर्ष पहले 1.6 करोड़ रुपये थी।

Image

तेज प्रताप ने अपनी संपत्ति का विवरण दिया।(फोटो सोर्स: tej pratap yadav x handle)

Photo : Twitter

Bihar Election 2025: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव कुल 2.88 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं और गत पांच वर्ष में उनकी संपत्ति में मामूली वृद्धि हुई है। तेज प्रताप ने यह जानकरी बृहस्पतिवार को महुआ विधानसभा सीट से जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करते समय जमा हलफनामे में दी है।

राजद से निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप ने हाल ही में जनशक्ति जनता दल नामक नया राजनीतिक दल बनाया है। नामांकन पत्र के साथ निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किए गए हलफनामे में यादव ने बताया कि उनके पास 91.65 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जो वर्ष 2020 में घोषित 1.22 करोड़ रुपये से कम है। वहीं, उनकी अचल संपत्ति 1.96 करोड़ रुपये है, जो पांच वर्ष पहले 1.6 करोड़ रुपये थी।

आठ आपराधिक मामले लंबित

हलफनामे के अनुसार, यादव पर आठ आपराधिक मामले लंबित हैं। हालांकि इनमें से किसी में भी उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। उनकी अलग रह रही पत्नी ऐश्वर्या राय का विवरण हलफनामे में नहीं दिया गया है, क्योंकि उनके बीच तलाक का मामला पटना की पारिवारिक अदालत में विचाराधीन है।

यादव वर्ष 2020 तक महुआ सीट से राजद विधायक रहे, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें हसनपुर से अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नामांकन दाखिल करते समय अपनी दिवंगत दादी की तस्वीर अपने साथ रखी।

पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को उनके पिता लालू प्रसाद ने 25 मई को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार’’ के चलते छह वर्षों के लिए राजद से निष्कासित कर दिया था। यह कदम उस वक्त उठाया गया था जब तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर यह स्वीकार किया था कि वह एक महिला के साथ ‘रिश्ते’ में हैं। हालांकि बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका फेसबुक अकाउंट ‘‘हैक’’ कर लिया गया था।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article