Bihar Election 2025: महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर कलह अब जगजाहिर हो चुकी है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "माहौल एकतरफा है और हम अपनी उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। एनडीए ने समय पर सीटों का बंटवारा पूरा कर लिया जिससे बहुत सकारात्मक संदेश गया है। चूंकि महागठबंधन अपने लोगों को एकजुट रखने में असमर्थ है, इसलिए हमें अधिक सीटें जीतने की उम्मीद है। जो गठबंधन अपने सहयोगी दलों का ध्यान नहीं रख सकता, वह राज्य का ध्यान कैसे रखेगा? बिहार की जनता महागठबंधन के नेताओं से ये सवाल पूछ रही है। एनडीए के नेता 14 नवंबर को फिर से दिवाली मनाएंगे।"
महागठबंधन में टूट पर क्या बोले पप्पू यादव?
इससे पहले मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने महागठबंधन में चल रही अंदरूनी खींचतान और सीट बंटवारे पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। वहीं, उन्होंने कथित तौर पर अफाक आलम और राजेश राम के के वायरल ऑडियो पर भी अपनी बात रखी।
ऑडियो में लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर फैसले लेने की जिम्मेदारी उनकी होती, तो उन्हें एक भी सीट नहीं मिलती। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र दल है जो अब भी मूल्यों और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है और गठबंधन धर्म का पालन कर रही है।
ऑडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कस्बा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अफाक आलम पर निशाना साधा उन्होंने कहा, “जिसका ऑडियो वायरल हो रहा है, उसे तो राजनीति में उंगली पकड़कर चलना सिखाया था। राज्यसभा चुनाव के दौरान अफाक आलम ने पैसे लेकर क्रॉस वोटिंग की थी, जिससे कांग्रेस पार्टी नाराज हुई थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि अफाक आलम की करतूतों ने गठबंधन की साख पर सवाल खड़े किए हैं।
राजद ने जारी की143 उम्मीदवारों की लिस्ट
सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल ने सोमवार को अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 143 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इससे पहले कांग्रेस ने चौथी सूची में 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। इससे कांग्रेस ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट 16 अक्टूबर को निकाली थी, जिसमें 48 प्रत्याशियों का एलान किया गया था। दूसरी सूची में 1 और तीसरी लिस्ट में 5 उम्मीदवारों का नाम था।
