इलेक्शन

Bihar Election: रुझानों में NDA की बढ़त, कांग्रेस ने मतगणना प्रक्रिया पर उठाए सवाल - 'वोट काउंटिग धीमी क्यों?'

कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने मतगणना की ईमानदारी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शुरुआती चरण के बाद कई केंद्रों पर मतगणना प्रक्रिया अचानक धीमी हो गई। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर अनियमितताओं की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रक्रिया पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।

Image

बिहार विधानसभा चुनाव

Bihar Election Result 2025: कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रमुख राजेश राम ने शुकव्रार को मतगणना प्रक्रिया की ‘‘ईमानदारी’’ पर संदेह जताया। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के दौरान निवार्चन आयोग के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को महागठबंधन से आगे दिखाया गया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में सत्तारूढ़ गठबंधन को शुरुआती बढ़त बनाते हुए दिखाया गया है। NDA ने बहुमत के आंकड़े 122 को पार कर 172 से अधिक सीट पर बढ़त बना ली है।

शुरुआती रुझानों में एनडीए आगे

निर्वाचन आयोग के अनुसार, शुरुआती रुझान में NDA 172 से अधिक विधानसभा सीट पर और महागठबंधन करीब 51 सीट पर आगे है। इस बदलती चुनावी गणना के बीच राम ने मतगणना प्रक्रिया में ‘‘गंभीर विसंगतियों’’ का आरोप लगाया और दावा किया कि प्रारंभिक चरण के बाद कई केंद्रों पर मतगणना प्रक्रिया अचानक धीमी हो गई। प्रशासन पर ‘‘वोट चुराने’’ का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि मतगणना केंद्रों के आसपास ‘‘सर्वर वैन’’ मंडराते रहने और ‘‘मतदान केंद्रों पर अनियमितताओं’’ की खबरें हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘जब महाराष्ट्र और हरियाणा में वोट चोरी होती है, तो लोग खासकर विपक्ष यहां भी ऐसा ही संदेह क्यों नहीं करेगा?’’

राम ने कहा कि बिहार के मतदाता बेरोजगारी, प्रश्न पत्र लीक, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और लगातार पलायन के कारण ‘‘स्पष्ट आक्रोश’’ दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं नहीं चाहतीं कि उनके पति कमाने के लिए राज्य से बाहर जाएं। युवा निराश हैं। भाजपा समर्थित 20 साल के शासन ने उन्हें निराश कर दिया है।’’ कांग्रेस नेता ने राजद की चेतावनियों को भी दोहराया कि किसी भी कथित गड़बड़ी से अशांति फैल सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता जानते हैं कि उन्होंने किसके लिए बटन दबाया है। अगर नतीजे उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं आते, तो गुस्सा स्वाभाविक है।’’

राजेश राम ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए राम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उन्हें "पूरी तरह से अपने कब्जे में" कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘जदयू के नेता और कार्यकर्ता खुद नाखुश हैं। उन्हें भी पता है कि यह सरकार जाने वाली है। जनता ऐसी सरकार चाहती है जो रोजगार, दवाइयां और सम्मान दे।’’ बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि पार्टी आंकड़ों पर टिप्पणी करने से पहले दिन के अंत तक इंतजार करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ये सिर्फ शुरुआती रुझान हैं। दिन के आखिर में अंतिम आंकड़े ही सब कुछ बताएंगे।’’ मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आयोग, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को लोगों को आश्वस्त करना चाहिए कि प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही है। कई सवाल हैं, कई सबूत हैं। उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए।’’

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article