इलेक्शन

बिहार ने रचा इतिहास : भारत में पहली बार निकाय चुनाव में मोबाइल से 'ई-वोटिंग', जानिए किसने डाला पहला वोट

यह प्रणाली विशेष रूप से उन मतदाताओं के लिए तैयार की गई है, जिन्हें मतदान केंद्रों तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जैसे कि बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिलाएं और प्रवासी।

Image

बिहार ई-वोटिंग के साथ रचा इतिहास

Photo : PTI

Bihar Mobile E-Voting: स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान मोबाइल फोन आधारित ई-वोटिंग व्यवस्था लागू करने वाला पहला राज्य बनकर बिहार ने एक इतिहास रच दिया है। राज्य चुनाव आयुक्त दीपक प्रसाद ने बताया कि ई-वोटिंग की अर्हता रखने वाले 70.20 प्रतिशत मतदाताओं ने इस नई व्यवस्था का इस्तेमाल किया जबकि 54.63 प्रतिशत ने मतदान केन्द्रों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बिभा कुमारी पहली ई-वोटर

राज्य चुनाव आयोग ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, बिहार ने आज इतिहास रच दिया है। पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल की निवासी बिभा कुमारी स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान मोबाइल फोन के जरिए वोट डालने वाली देश की पहली व्यक्ति बन गईं। उसने कहा, यह सुविधा, सुरक्षा और सशक्त भागीदारी का प्रतीक है।

कुल 62.41 प्रतिशत मतदान हुआ

प्रसाद ने बताया कि छह नगर पंचायतों और नगरपालिका उपचुनावों में कुल 62.41 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए। प्रसाद के मुताबिक सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक 489 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ, जिसमें 538 उम्मीदवार मैदान में थे। प्रसाद के मुताबिक ई-वोटिंग की शुरुआत का उद्देश्य मतदान प्रतिशत बढ़ाना और प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाना है। यह प्रणाली विशेष रूप से उन मतदाताओं के लिए तैयार की गई है, जिन्हें मतदान केंद्रों तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जैसे कि बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिलाएं और प्रवासी।

उन्होंने कहा कि केवल पूर्व-पंजीकृत उपयोगकर्ताओं को ही ई-वोटिंग मंच के माध्यम से मतदान करने की अनुमति है। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक जिन जिलों में नगर पंचायत और नगर निगम उपचुनाव हुए उनमें पटना, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, नालंदा, कटिहार, अररिया, सहरसा, पूर्वी चंपारण आदि शामिल हैं। आयोग ने बताया कि मतों की गिनती 30 जून को होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article