Tikari Assembly Constituency (टिकारी विधानसभा सीट): टिकारी विधानसभा सीट गयाजी जिले में स्थित बिहर की अहम और चर्चित सीट है। यहां की राजनीतिक तस्वीर में अक्सर बदलती रही है। यह सीट किसी एक पार्टी का स्थायी गढ़ नहीं रही। टिकारी के मतदाताओं के प्रमुख मुद्दे कृषि, सिचांई, शिक्षा, रोजगार, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रहे हैं। यहां से वर्तमान विधायक हम पार्टी के अनिल कुमार हैं। जिन्हें इस बार के चुनाव में फिर से हम पार्टी ने टिकट देकर उम्मीदवार बनाया है। वहीं आरजेडी ने अजय डांगी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होने वाले हैं।
टिकरी का इतिहास क्या है
टिकरी को टेकारी के नाम से भी जाना जाता है। यह क्षेत्र गयाजी जिले का एक अनुमंडल स्तरीय नगर है। ऐतिहासिक रूप से यह क्षेत्र टेकारी राज का प्रमुख केंद्र था। जिसका अस्तित्व 1709 से 1958 तक करीब 250 सालों तक रहा। टेकारी राज एक जमींदारी रियासत थी, जिसके अधीन 1,046 गांवों में आते थे। वर्तमान में यह क्षेत्र मोरहर और जमुना नदी के बीच स्थित है। इस क्षेत्र का इतिहास काफी समृद्ध और गौरवशाली रहा है, जिसकी झलक यहां के पुराने किलों और भवनों के अवशेष से भी झलकती है। अभी इस क्षेत्र में गांवों की संख्या अधिक है, हालांकि कई छोटे कस्बे और बाजार भी स्थित हैं।
टिकारी विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास
टिकारी विधानसभा सीट पर 2010 में हुए चुनाव में जेडीयू ने जीत हासिल की। जिसमें अनिल कुमार एक प्रमुख राजनीतिक चेहरा बनकर उभरे और यहां से विधायक बने। 2015 के चुनाव में भी जेडीयू ने इस सीट पर अपनी पकड़ बरकार रखी। लेकिन इस बार अभय कुशवाहा को उम्मीदवार के रूप में मौका दिया। दूसरी ओर जेडीयू से टिकट न मिलने पर अनिल कुमार ने हम पार्टी का दामन थामा। लेकिन उन्हें जेडीयू के अभय कुशवाहा से हार का सामना करना पड़ा। 2020 के चुनाव इस सीट से हम पार्टी के अनिल कुमार ने वापसी करते हुए जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के सुमंत कुमार को करीबी मुकाबले में शिकस्त दी थी। इस चुनाव में लोजपा के कमलेश शर्मा तीसरे पायदान पर रहे थे।
टिकारी सीट से उम्मीदवार
- अजय डांगी - RJD
- अनिल कुमार - HAM
टिकारी विधानसभा क्षेत्र का जातीय समीकरण
टिकारी विधानसभा सीट एक जनरल कैटेगरी की सीट है। इस क्षेत्र में कोरी, यादव एससी और मुस्लिम वोटर का प्रभाव काफी मजबूत है। यहां पर अनुसूचित जाति की जनसख्या 23.88 फीसदी है और मुस्लिम आबादी 5.9 प्रतिशत है।
टिकारी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता संख्या
टिकारी विधानसभा क्षेत्र में 2020 के चुनाव में वोटरों की कुल संख्या 3,10,262 थी। जिनमें से 60.25 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वोटरों की संख्या बढ़कर 3,18,059 हो गई थी। टिकारी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण वोटरों की आबादी अधिक है। यहां सिर्फ 4.62 फीसदी ही शहरी वोटर हैं।
