इलेक्शन

Sikandra Assembly Elections 2025: हर चुनाव में बदलते समीकरण, इस बार सिकंदरा में किसके नाम होगी जीत?

Sikandra Assembly Constituency (​सिकंदरा विधानसभा सीट): सिकंदरा विधानसभा सीट जमुई जिले में आती है। यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। सिकंदरा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होंगे।

Image

सिकंदरा विधानसभा सीट

Sikandra Assembly Constituency (सिकंदरा विधानसभा सीट): बिहार के जमुई जिले का सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यह सीट ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है। यह क्षेत्र झारखंड के गिरिडीह जिले से सटा हुआ है। यह सीट वर्तमान में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के खाते में है। प्रफुल्ल कुमार मांझी यहां के विधायक हैं। जिन्हें 2020 के विधानसभा चुनाव में कुल 47,061 वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर बंटी थे। इस बार के चुनाव में एनडीए के तहत केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी को यह सीट मिली है। पार्टी ने यहां से प्रफुल्ल कुमार मांझी को दोबारा मैदान में उतारा है। वहीं राजद ने भी उदय नारायण चौधरी के रूप में अपना उम्मीदवार उतारा है। जनस्वराज पार्टी ने सुभाष चंद्र बोस को टिकट दिया है।

सिकंदरा का इतिहास

सिकंदरा क्षेत्र में कई धार्मिक स्थल हैं। जैन मंदिर लछुआर सिकंदरा ब्लॉक में स्थित है और जमुई जिले के मुख्यालय से लगभग 20 किमी पश्चिम में है। यहां तीर्थयात्रियों के लिए 65 कमरों का बड़ा विश्राम गृह है। मंदिर में भगवान महावीर की काली पत्थर की मूर्ति स्थित है, जो 2,600 वर्ष से अधिक पुरानी है और जिसका वजन लगभग 250 किलो है। यह मूर्ति भगवान महावीर के जन्मस्थान क्षत्रिय कुंड ग्राम के रास्ते पर स्थित है। साथ ही, मां नेतुला मंदिर ब्लॉक सिकंदरा के कुमार गांव में स्थित है। यह मंदिर मां अंबे को समर्पित है और सिद्धपीठ के रूप में विख्यात है। मां नेतुला नेत्र और पुत्र प्रदाता देवी के रूप में भी जानी जाती हैं। नेत्र विकार से पीड़ित भक्त यहां नियमित रूप से अरदास करने आते हैं। इसके अलावा, सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में बहुआर नदी के तट पर स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, मिशन चौक का मंझली दुर्गा मंदिर और चौक स्थित मां वैष्णवी दुर्गा महारानी का जगदंबा मंदिर धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रसिद्ध हैं।

सिकंदरा सीट का चुनावी समीकरण

सिकंदरा विधानसभा सीट साल 1962 में अस्तित्व में आई थी। अब तक इस सीट पर 15 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। जिसमें कांग्रेस ने पांच बार, भाकपा और जनता दल यूनाइटेड ने दो-दो बार जीत दर्ज की है। अन्य पार्टियों ने भी इस सीट पर सफलता प्राप्त की है। सिकंदरा सीट की राजनीतिक पहचान लगातार बदलावों वाली रही है, यहां मतदाता हर बार चुनाव में नया समीकरण तय करते हैं। पिछले दो चुनावों में सत्ता का पलड़ा दो अलग-अलग दलों के पास गया है। 2015 के विधानसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस के सुधीर कुमार ने जीती थी। 2020 के चुनाव में यह सीट हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के उम्मीदवार प्रफुल्ल कुमार मांझी ने जीती।

सिकंदरा विधानसभा सीट के उम्मीदवार

प्रफुल्ल कुमार मांझी - HAM

उदय नारायण चौधरी -RJD

सुभाश चंद्र बोस - JSP

मनोज कुमार दास - AIMIM

सिकंदरा सीट का जातीय समीकरण

सिकंदरा विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। यहां पर पूरी आबादी ग्रामीण है। 2020 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र में वोटरों की कुल संख्या 2,88,763 थी। जिसमें से 53.17 फीसदी वोटरों ने मतदान किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटरों की संख्या बढ़कर 3,08,005 हो गई। इस क्षेत्र में अनुसूचित आबादी के वोटर 18.93 फीसदी हैं, जबकि मुस्लिम मतदाता 12.8 फीसदी हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article