इलेक्शन

Bihar Assembly Elections 2025 Madhuban Constituency: मधुबन विधानसभा सीट पर क्या बीजेपी लगाएगी जीत की हैट्रिक?

1957 में इस सीट से एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी, जबकि 1962 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इसके बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने तीन बार लगातार जीतकर रिकॉर्ड बनाया।

Image

मधुबन विधानसभा चुनाव 2025

Bihar Assembly Elections 2025 Madhuban Constituency: सामान्य वर्ग की मधुबन विधानसभा सीट शिवहर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। यह सीट वर्ष 1957 में अस्तित्व में आई थी और तब से अब तक 16 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इसका सियासी इतिहास विविधतापूर्ण रहा है, जिसमें लगभग सभी प्रमुख दलों और वैचारिक धाराओं के उम्मीदवारों ने चुनाव में जीत हासिल की है।

1957 में इस सीट से एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी, जबकि 1962 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इसके बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने तीन बार लगातार जीतकर रिकॉर्ड बनाया। फिर 1977 और 1980 में कांग्रेस ने वापसी की। 1985 में जनता पार्टी के उम्मीदवार सीताराम सिंह मजबूत मौजूदगी दिखाई। उन्होंने 1990 और 1995 में जनता दल के टिकट पर और 2000 में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की और बिहार सरकार में मंत्री भी रहे ।

2004 में आरजेडी ने सीताराम सिंह को शिवहर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया, तो उनके बेटे राणा रणधीर को मधुबन विधानसभा सीट का टिकट मिला और जीत के साथ अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। अक्टूबर 2005 और 2010 के चुनावों में जनता दल (यूनाइटेड) ने जीत हासिल की। 2015 में राणा रणधीर ने बीजेपी का कमल थामकर सीट जीती। 2020 में राणा रणधीर ने फिर से बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की, हालांकि जीत का मार्जिन 5,878 वोट ही रह गया।

14 नवंबर को चुनाव नतीजे

बता दें कि बिहार की सभी 243 सीट पर दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे। चुनाव को लेकर आयोग ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.43 करोड़

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.43 करोड़ है। इनमें लगभग 3.92 करोड़ पुरुष और करीब 3.50 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 1,725 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। करीब 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता, 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी वोटर सूची में हैं, जबकि 100 साल के अधिक उम्र की मतदाताओं की संख्या 14 हजार है। फर्स्ट टाइम वोटर लगभग 14 लाख हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article