बिजनेस

EPFO में जल्द मिलेंगी बैंक जैसी सुविधाएं, UPI से पैसा निकालना और जमा करना होगा आसान

EPFO जल्द ही कोर बैंकिंग आधारित 'ईपीएफओ 3.0' के तहत बैंक जैसी सुविधाएं और भीम यूपीआई से 25,000 रुपये तक की त्वरित निकासी शुरू करने जा रहा है।

Image

ईपीएफओ में मिलेंगी बैंक जैसी सुविधाएं और भी बहुत कुछ

Photo : iStock

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब अपने करोड़ों सदस्यों को पूरी तरह बैंक जैसी सुविधाएं देने की बड़ी तैयारी कर रहा है। ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया है कि संगठन का लक्ष्य सदस्यों को ऐसी सुविधाएं देना है, जिससे वे अपने पीएफ खाते का इस्तेमाल बिल्कुल सामान्य बैंक खाते की तरह कर सकें। नई व्यवस्था के तहत सदस्यों को यूपीआई और डेबिट कार्ड के जरिए पैसा जमा करने व निकालने की सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही बैंक की तरह ब्याज मिलने की प्रक्रिया भी और सुगम व तेज होगी। न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक रमेश कृष्णमूर्ति के मुताबिक, यूपीआई के माध्यम से पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा के लिए जरूरी तकनीकी जांच और परीक्षण पूरे हो चुके हैं। शुरुआती चरण में इस सुविधा के तहत 25,000 रुपये तक निकालने की सीमा तय की गई है और इसे कभी भी लागू किया जा सकता है। यह कदम उन सदस्यों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा, जिन्हें अचानक या तत्काल पैसों की जरूरत पड़ती है।

एक साल में ईपीएफओ 3.0 और कोर बैंकिंग की शुरुआत

भविष्य की योजनाओं का खाका रखते हुए रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि संगठन बहुत जल्द 'ईपीएफओ 3.0' परियोजना शुरू करने जा रहा है। इस नई प्रणाली में कोर बैंकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। जिस तरह किसी बैंक खाते से आप कभी भी लेन-देन कर सकते हैं, यूपीआई का इस्तेमाल कर सकते हैं और आपका ब्याज भी जुड़ता रहता है, ठीक वैसा ही अनुभव अब पीएफ सदस्यों को देने की कोशिश की जा रही है। ईपीएफओ ने इस बड़ी सुविधा को अगले एक साल के भीतर शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इस बदलाव के बारे में और स्पष्ट करते हुए कृष्णमूर्ति ने बताया कि मौजूदा समय में जितने भी 'मेंबर लेजर' यानी सदस्य खातों का ब्योरा है, उन सभी को पूरी तरह कोर बैंकिंग प्रणाली में लाया जाएगा। आसान शब्दों में कहें तो जो नया सॉफ्टवेयर होगा, वह सीधे इन लेजर से जुड़ा रहेगा। इससे सदस्य अपना खाता आसानी से देख सकेंगे, पैसा जमा कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर निकासी भी बिना किसी बड़ी अड़चन के कर पाएंगे।

व्हाट्सऐप सेवा को मिली शानदार प्रतिक्रिया

ईपीएफओ ने अपनी सेवाओं को तेज और सरल बनाने के लिए हाल ही में डिजिटल सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इसी कड़ी में महीने की शुरुआत यानी एक नवंबर को व्हाट्सऐप सेवा शुरू की गई थी। इस सुविधा के जरिए सदस्य सीधे व्हाट्सऐप पर अपनी पीएफ जमा राशि और पासबुक की जानकारी देख सकते हैं। रमेश कृष्णमूर्ति ने पीटीआई-भाषा के साथ विशेष बातचीत में बताया कि सदस्यों को अपने खाते तक आसान पहुंच देने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की गई थी। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि महज तीन हफ्तों के भीतर ही लगभग 1.25 करोड़ सदस्य इस व्हाट्सऐप सेवा का उपयोग करने लगे हैं। इससे यह साफ होता है कि लोग सरल और त्वरित डिजिटल माध्यमों को तेजी से अपना रहे हैं।

गिग और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए नई राह

सामाजिक सुरक्षा संहिता में असंगठित क्षेत्र और गिग अर्थव्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने का प्रावधान है। संगठित क्षेत्र में आमतौर पर नियोक्ता अपने कर्मचारियों के पीएफ खाते में पैसा जमा करते हैं। लेकिन असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए कोई स्थायी नियोक्ता नहीं होता, इसलिए उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना में खुद ही योगदान देना पड़ता है। कृष्णमूर्ति ने इस स्थिति का उदाहरण देते हुए समझाया कि मान लीजिए कोई ड्राइवर है या घर में काम करने वाला कोई व्यक्ति है। अगर वह खुद या फिर वे परिवार वाले, जिनके घर वह काम करता है, उसके पीएफ खाते में पैसा जमा करना चाहें, तो यह काम कैसे होगा? इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए ईपीएफओ यूपीआई, क्यूआर कोड के अलावा क्रेडिट और डेबिट कार्ड से भुगतान करने की सुविधा देने पर काम कर रहा है।

स्वैच्छिक योगदान और आसान लेन-देन को मंजूरी

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक में इसी महीने यूएएन यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर से जुड़ी स्वैच्छिक अंशदान व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। इसके तहत तीसरे पक्ष से मिलने वाले छोटे-छोटे योगदान की सुविधा भी शामिल है। इसमें स्वैच्छिक अतिरिक्त भुगतान जैसी राशि भी जोड़ी जा सकेगी। कृष्णमूर्ति ने कहा कि बैंक में लेन-देन करते समय लोग यह नहीं सोचते कि भुगतान करने की जटिल प्रक्रिया क्या होगी, क्योंकि वहां कई आसान विकल्प मौजूद हैं। वहां नियोक्ता या रिटर्न फाइलिंग जैसी औपचारिकताओं की जरूरत नहीं होती। ईपीएफओ 3.0 के तहत कोर बैंकिंग सॉल्यूशन आने के बाद सदस्यों को यही सहूलियत मिलेगी। वे अपने पीएफ खाते को उसी तरह देख और प्रबंधित कर सकेंगे, जैसे अपने बैंक खाते को देखते हैं।

भीम यूपीआई से 25,000 रुपये तक की निकासी

यूपीआई के जरिए पैसा निकालने की व्यवस्था पर पूछे गए सवाल के जवाब में कृष्णमूर्ति ने कहा कि तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और इस योजना को कभी भी शुरू किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भीम यूपीआई प्रणाली में ईपीएफओ के साथ भारतीय स्टेट बैंक और एनपीसीआई जैसे तीन प्रमुख हितधारक जुड़े हैं। एक छोटे समूह के साथ इसका सफल परीक्षण पूरा कर लिया गया है।

इस सुविधा के लिए भीम ऐप पर एक सरल 'क्लेम एप्लीकेशन' तैयार किया गया है। इसके जरिए सदस्य यह देख सकेंगे कि उनके खाते में कुल कितनी राशि जमा है और वे उसमें से कितनी रकम निकाल सकते हैं। फिलहाल इस माध्यम से एक बार में 25,000 रुपये तक निकालने की सीमा तय की गई है। शुरुआत में यह सुविधा दिन या सप्ताह में एक बार उपलब्ध होगी, ताकि लोगों की तत्काल जरूरतें पूरी हो सकें। यदि किसी सदस्य को इससे अधिक राशि निकालनी है, तो उसे पहले की तरह 'क्लेम फॉर्म' संख्या 31 भरना होगा।

अनुपालन और पारदर्शिता पर भी खास जोर

तकनीकी सुधारों और नई सुविधाओं के साथ-साथ ईपीएफओ अपने कामकाज की क्षमता बढ़ाने और नियमों के पालन पर भी पूरा ध्यान दे रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि किसी संस्थान या इकाई में काम करने वाले कर्मचारी के वेतन से पीएफ का पैसा काटा गया है, तो वह समय पर और सही तरीके से उसके खाते में जमा भी हो। आने वाले समय में डिजिटल सहूलियत और सख्त अनुपालन के मेल से पीएफ व्यवस्था के अधिक भरोसेमंद और सदस्य-अनुकूल बनने की उम्मीद है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article