इलेक्शन

Hisua Assembly Elections 2025: बीजेपी बनाम कांग्रेस की कांटे की टक्कर! कौन जीतेगा हिसुआ का दिल?

Hisua Assembly Constituency (​हिसुआ विधानसभा सीट): हिसुआ विधानसभा सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां से जीत हासिल कर करीब 15 साल बाद वापसी की। इस बार फिर से कांग्रेस और बीजेपी यहां से आमने-सामने हैं। हिसुआ सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होंगे। आइए हिसुआ सीट के चुनावी और जातीय समीकरण जानें।

Image

हिसुआ विधानसभा सीट

Hisua Assembly Constituency (हिसुआ विधानसभा सीट): बिहार के नवादा जिले की हिसुआ विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। कांग्रेस के सामने अपने इस मजबूत गढ़ को बचाने की चुनौती है, जबकि भाजपा यहां वापसी की पूरी कोशिश में है। हिसुआ विधानसभा नवादा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की छह विधानसभा सीटों में से एक है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि कांग्रेस ने लगभग 15 साल बाद वापसी की। 2020 के चुनाव में नीतू कुमारी ने कांग्रेस को जीत दिलाई। इस बार हिसुआ विधानसभा सीट से 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस ने दोबारा नीतू कुमारी पर विश्वास जताया है, जबकि भाजपा ने तीन बार के विधायक अनिल सिंह पर फिर से भरोसा करते हुए टिकट दिया है।

तिलैया नदी के दाहिने किनारे पर गया-नवादा मार्ग पर स्थित हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में अधिकतर आबादी कृषि पर निर्भर है। क्षेत्र में कुछ छोटे उद्योग हैं, जो काफी लोगों के लिए रोजी रोटी का एक जरिया हैं। धार्मिक आधार पर भी हिसुआ विधानसभा क्षेत्र समृद्ध है। हिसुआ प्रखंड मुख्यालय से कुछ दूरी पर मदनेश्वर महादेव मंदिर है, जो हजारों लोगों की आस्था से जुड़ा है। नवादा के हिसुआ में वाट थाई मंदिर में गौतम बुद्ध की 108 फीट ऊंची प्रतिमा यहां की शोभा बढ़ाती है। हिसुआ में जय ज्वालानाथ मंदिर भी स्थानीय लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। खासकर यहां सावन के महीने में भक्तों का तांता लगता है।

हिसुआ सीट का चुनावी समीकरण

राजनीतिक दृष्टिकोण से हिसुआ को समझा जाए तो यहां 63 साल के इतिहास में जनता ने सिर्फ छह नेताओं को अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा भेजा है, जबकि सिर्फ तीन राजनीतिक पार्टियों को यहां मौका दिया है। इस सीट से सबसे अधिक बार आदित्य सिंह ने जीत हासिल की। आदित्य सिंह यहां तीन चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़े, जबकि तीन चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़े और जीत हासिल की। 1957 से एक अलग विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित हिसुआ को कांग्रेस का गढ़ कहा जा सकता है, क्योंकि यहां पार्टी ने सबसे अधिक 9 बार जीत हासिल की। भाजपा ने यहां से लगातार तीन चुनाव (2005, 2010, 2015) जीते हैं। इसके अलावा, तीन चुनावों (1980, 1985, 2000) में निर्दलीय प्रत्याशी को विजय प्राप्त हुई। यहां से तीसरी पार्टी के रूप में 1977 में जनता पार्टी को जीत मिली थी।

हिसुआ सीट के उम्मीदवार

  • नीतू कुमारी - Congress
  • सूर्य देव प्रसाद - JSP
  • अनिल सिंह - BJP

हिसुआ सीट का जातीय समीकरण

हिसुआ विधानसभा सीट एक जनरल कैटेगरी की सीट है। यहां पर 2020 के विधानसभा चुनाव में वोटरों की कुल संख्या 3,77,781 थी। जिनमें से 50.49 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटरों की संख्या बढ़कर 3,84,422 हो गई। इस क्षेत्र में ज्यादातर मतदाता ग्रामीण हैं, शहरी वोटरों की आबादी 6.64% है। यहां अनुसूचित जाति के मतदाता 28.07 फीसदी हैं, वहीं मुस्लिम वोटरों की आबादी 10.7 प्रतिशत है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article