Bodh Gaya Assembly Constituency (बोधगया विधानसभा सीट): बिहार की 243 विधानसभा सीटों में शामिल बोधगया सीट गयाजी जिले की चर्चित विधानसभा सीटों में से एक है। यह सीट गया लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। इस सीट का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। यहां पर अलग-अलग दौर में अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टियों का दबदबा देखने को मिला। बोधगया सीट से सबसे अधिक बार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को जीत मिली। पिछले दो चुनाव में लगातार दो बार यह सीट आरजेडी के खाते में गई है। यहां से वर्तमान विधायक कुमार सर्वजीत हैं। आरजेडी ने इस बार भी उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। अब सवाल ये है कि क्या वे जीत की हैट्रिक लगा पाएंगे या फिर NDA चुनावी मैदान में बाजी मार लेगा। 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही असली तस्वीर सामने आएगी।
बोधगया का इतिहास
बिहार के गयाजी जिले में स्थित बोधगया, फाल्गु नदी के किनारे स्थित है। बौद्ध ग्रंथों की मान्यता के अनुसार गौतम बुद्ध ने 534 ईसा पूर्व में इसी जगह महाबोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त किया था। जिसके करीब 200 सालों बाद सम्राट अशोक यहां आए और महाबोधि मंदिर और मठ का निर्माण कराया। इस मंदिर को 2002 में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल किया गया। इस जगह का सिर्फ पौराणिक ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक महत्व भी बहुत है। 13वी शताब्दी में कुतुबुद्दीन ऐबक और बख्तियार खिलजी की सेना ने इसे तबाह कर दिया था। 19वीं सदी के आखिरी में इसे फिर से ठीक करने के प्रयास शुरू हुए।
बोधगया विधानसभा सीट कब बनी
बोधगया विधानसभा सीट पर पहली बार चुनाव 1957 में हुए थे। जिसमें कांग्रेस को जीत मिली थी। इस सीट पर अब तक 18 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। जिसमें कांग्रेस को दो बार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) को तीन बार जीत हासिल हुई। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी आरजेडी की टिकट पर 2000 में बोधगया के विधायक रह चुके हैं। बीजेपी ने इस सीट पर पहली बार 2005 में पर जीत हासिल की। बोधगया सीट से भारतीय जनसंघ, स्वतंत्र पार्टी, लोक दल, जनता पार्टी, एलजेपी और निर्दलीय उम्मीदवार भी एक-एक बार विधायक बन चुके हैं। वर्तमान में इस सीट पर आरेजडी की मजबूत पकड़ देखने को मिल रही है। जिसने पांच बार यहां से जीत हासिल की है। आइए जानते हैं कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बोधगया से कौन-कौन उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं:
बोधगया सीट से उम्मीदवार
- कुमार सर्वजीत पासवान - RJD
- श्यामदेव पासवान -LJP (RV)
- लक्ष्मण मांझी - JSP
- गोवर्धन मांझी - AAP
बोधगया सीट का जातीय समीकरण और वोटर संख्या
बोधगया विधानसभा सीट एससी के लिए आरक्षित है। 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां वोटरों की संख्या 315,397 थी। 2024 के लोकसभा चुनावों में वोटरों की संख्या बढ़कर 324,068 हो गई। बोधगया विधानसभा क्षेत्र में एससी आबादी 35.72 फीसदी है। मुस्लिम वोटर करीब 7.3 फीसदी हैं। यहां पर ग्रामीण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां 92.03 फीसदी ग्रामीण वोटर और 7.97 फीसदी शहरी मतदाता हैं।
