Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ NDA गठबंधन की अहम पार्टी JDU ने अपने कोटे के सभी 101 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बिहार में चुनावी जीत के लिए जातीय समीकरण काफी अहमियत रखते हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में JDU ने इस बात का खास ख्याल रखा है। यही कारण है कि उन्होंने पिछड़ा, अति पिछड़ा, सामान्य, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं सभी को टिकट दिया है। चलिए जानते हैं JDU ने किस जाति के कितने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
सबसे ज्यादा उम्मीदवार किस जाति से
JDU ने अपने टिकट वितरण में जातीय समीकरणों को बखूबी साधा है। यही कारण है कि पार्टी ने सबसे ज्यादा 13 टिकट कुशवाहा जाति के उम्मीदवारों को दिए हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा 12 उम्मीदवार कुर्मी जाति से बनाए गए हैं। राजपूतों को पार्टी ने 10 टिकट दिए हैं, जबकि 9 भूमिहार और 8 धानुक जाति के उम्मीदवारों भी JDU ने इस चुनावी जंग में उतारे हैं। पार्टी ने 5-5 उम्मीदवार मुसहर और रविदास जातियों से बनाए हैं। JDU ने 4 अल्पसंख्यकों को भी उम्मीदवार बनाया है, जिनमें से 2 सामान्य और 2 अतिपिछड़े हैं।
इन जातियों को मिले एक-एक उम्मीदवार
JDU ने 3 मल्लाह उम्मीदवारों के साथ ही 2-2 उम्मीदवार ब्राह्मण, गंगौता, कामत, चंद्रवंशी, तेली, कलवार, पासी जातियों से भी बनाए गए हैं। पार्टी ने हलुवाई, कानू, अग्रहरि, सुढ़ी, गोश्वामी, पासवान, धोबी, सरदार/बांसफोर, खरवार और कायस्थ जाति के एक-एक उम्मीदवारों को पार्टी का टिकट दिया है।
13 महिला उम्मीदवार को मिला टिकट
बात अगर वर्ग अनुसार करें तो JDU ने सबसे ज्यादा 37 टिकट पिछड़ा वर्ग को दिए हैं। जबकि अति-पिछड़ा वर्ग से 22 उम्मीदवार बनाए गए हैं। 22 ही उम्मीदवार सामान्य श्रेणी के हैं और 15 उम्मीदवार अनुसूचित जाति के हैं। 4 उम्मीदवार अल्पसंख्यक और 1 प्रत्याशी अनुसूचित जनजाति से हैं। यही नहीं पार्टी ने कुल 101 में से 13 महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है।
