इलेक्शन

भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह कल करेंगी कराकाट से निर्दलीय नामांकन, बोलीं “अब जनता ही हमारा दल है”

पवन सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव में कराकाट संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया था।

Image

पवन सिंह की पत्नी लड़ेगी बिहार विधानसभा चुनाव (फोटो-jyotipsingh99)

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह कल कराकाट विधानसभा क्षेत्र से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सोमवार दोपहर 12:00 बजे बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगी। ज्योति सिंह ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि “अब जनता ही हमारा दल है।”

उन्होंने कहा कि कराकाट क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो स्नेह, सम्मान और विश्वास दिया है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ज्योति सिंह का कहना है कि इस क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए वे राजनीति में आई हैं, और अब जनता ही उनका परिवार, दल और सहयोगी है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कराकाट के हर घर-गांव की आवाज को विधानसभा में बुलंद करेंगी।

पवन सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव में कराकाट संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया था। उस दौरान ज्योति सिंह ने अपने पति के समर्थन में घूम-घूमकर पूरे क्षेत्र में व्यापक प्रचार किया था।हालांकि चुनाव परिणाम में पवन सिंह को हार का सामना करना पड़ा, मगर ज्योति सिंह ने क्षेत्र से अपना जुड़ाव नहीं छोड़ा। वे चुनाव के बाद भी लगातार जनता के बीच जाती रहीं, लोगों की समस्याएं सुनतीं और स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेतीं। यही कारण है कि कराकाट की जनता में उनका अलग प्रभाव और पहचान बन चुकी है।

राजनीतिक हलकों में ज्योति सिंह के इस कदम को कराकाट की सियासत में बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। पहले से ही मुकाबला दिलचस्प बना हुआ था, लेकिन ज्योति सिंह के मैदान में उतरने से मुकाबला और त्रिकोणीय से चतुर्भुज होने की संभावना बढ़ गई है। इस विधानसभा क्षेत्र से एनडीए के महाबली सिंह, महागठबंधन के अरुण सिंह, बसपा की बंदना राज, और जन सुराज पार्टी के योगेंद्र सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में अब कराकाट का चुनावी रण पूरी तरह गर्म हो चुका है।

स्थानीय विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह के लोकसभा चुनाव के समय जो युवा और महिला वर्ग का समर्थन मिला था, वही इस बार ज्योति सिंह के लिए बड़ा आधार बन सकता है। वहीं, क्षेत्र के परंपरागत राजनीतिक दलों के लिए यह चुनौती भी है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों पर किस तरह अपनी पकड़ मजबूत करें।

ज्योति सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य कराकाट के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने अपील की कि “हम राजनीति में बदलाव और पारदर्शिता लाने आए हैं, जनता जिस विश्वास से हमें देख रही है, उस पर खरा उतरना ही हमारा संकल्प है।”

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article