इलेक्शन

'मुझे किसी पद में दिलचस्पी नहीं, मैं सिर्फ केंद्र की बीजेपी सरकार का विनाश चाहती हूं', कोलकाता में CM ममता का भाजपा पर हमला

Bengal Election 2026: सीएम ममता बनर्जी ने कोलकाता के चौरंगी में चुनावी रैली के दौरान बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लिए काम करने वाले लोगों की पूरी सूची उनके पास है और उन पर नजर रखी जा रही है। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि बंगाल में जीत के बाद उनका अगला लक्ष्य दिल्ली की सत्ता से भाजपा को हटाना होगा।

Image

सीएम ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना। ANI

Photo : ANI

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। कोलकाता के चौरंगी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की अपनी योजना और संकल्प को साझा किया।

उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार और उनके समर्थकों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने उन सभी लोगों के नाम 'नोट' कर लिए हैं जो भाजपा के दलाल' के रूप में काम कर रहे हैं।

'मेरे पास उन लोगों की लिस्ट है जो...'

मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि उनके पास 'A से Z' तक उन सभी व्यक्तियों की सूची और उनके घरों के पते मौजूद हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर भाजपा के लिए बिचौलिए की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा को लगता है कि वे उन पर नजर नहीं रख सकतीं? चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने अपना लक्ष्य साफ करते हुए कहा कि बंगाल में जीत हासिल करने के बाद उनका अगला कदम दिल्ली की सत्ता से भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा।

भाजपा हमें हराने में सक्षम नहीं: ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने आगे कहा,"यह याद रखिए, आप हमें हराने में सक्षम नहीं हैं। हम अन्याय के खिलाफ लड़ते हैं; हम अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं। मेरा जन्म बंगाल में हुआ है और मैं इसी बंगाल में अंतिम सांस लूंगी। मुझे सत्ता की लालसा नहीं है; मेरी इच्छा है दिल्ली में भाजपा का पूर्णतः सफाया हो।"

केंद्र सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही: सीएम ममता

उन्होंने संकल्प लिया कि वे सभी विपक्षी दलों को एकजुट करेंगी ताकि केंद्र में भाजपा के शासन को खत्म किया जा सके। ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है और जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह बंगाल की बेटी हैं और अपनी आखिरी सांस तक अन्याय के खिलाफ और बंगाल की जनता के अधिकारों के लिए लड़ती रहेंगी।

ममता बनर्जी ने सरकारी तंत्र और अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने वाले लोगों और अधिकारियों की नियुक्तियों में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।

चौरंगी सीट पर होने वाले मतदान से पहले उनका यह आक्रामक रुख राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को हुई। वहीं, 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article